बलरामपुर में ब्लैकआउट की मॉक-ड्रिल होगी:22 नवंबर को शाम 6 बजे भगौतीगंज चौराहे पर दो मिनट बजेगा चेतावनी सायरन; आग बुझाने और घायलों को बचाने का अभ्यास
बलरामपुर। युद्ध या हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों में नागरिकों को सुरक्षित रखने और आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार, 22 नवंबर को बलरामपुर के भगौतीगंज चौराहे पर ब्लैकआउट एवं नागरिक सुरक्षा की विशेष मॉक-ड्रिल आयोजित की जाएगी। शाम छह बजे शुरू होने वाले इस अभ्यास में सायरन की गूंज के साथ पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाएगा। इसके बाद आग लगने, मलबे में लोगों के फंसने, घायलों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने तक की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा। नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आयोजित इस मॉक-ड्रिल का उद्देश्य आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक करने के साथ ही विभिन्न विभागों की तत्परता और आपसी समन्वय को परखना है। इसमें पुलिस, नागरिक सुरक्षा, विद्युत विभाग, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, आपदा मित्र और एनडीआरएफ सहित संबंधित टीमें निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार मोर्चा संभालेंगी। जनजागरूकता अभियान में स्वयंसेवकों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। साथ ही जिला आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (DERT) को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक शाम 5:50 से 5:55 बजे तक नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और आपदा मित्र लोगों को अभ्यास के लिए तैयार करेंगे।5:55 बजे पीला संकेत और 5:58 बजे लाल संकेत जारी होगा।शाम छह बजे यातायात व्यवस्था नियंत्रित की जाएगी और दो मिनट तक उतार-चढ़ाव वाली आवाज में चेतावनी सायरन बजेगा।इसके बाद 6:02 से 6:05 बजे तक ब्लैकआउट लागू किया जाएगा।इसी दौरान रेस्क्यू टीमों की तैयारी और समन्वय के साथ विस्फोट जैसी ध्वनि के जरिए आपात स्थिति का दृश्य तैयार किया जाएगा। इसके बाद ऑल क्लियर सायरन बजाकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू होगा।छोटी-बड़ी आग बुझाने,प्राथमिक उपचार,गंभीर घायलों को एंबुलेंस तक पहुंचाने,इमारत में फंसे लोगों को निकालने और उन्हें जिला अस्पताल भेजने का अभ्यास किया जाएगा।पूरा राहत एवं बचाव अभियान शाम 6:30 बजे तक चलेगा। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि 22 नवंबर को शाम छह बजे से अपने घरों,दुकानों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें,इन्वर्टर,टॉर्च और मोबाइल फ्लैशलाइट बंद रखें।खिड़की-दरवाजों से बाहर रोशनी न निकलने दें।जरूरत पड़ने पर रोशनी रोकने के लिए काले कागज या कपड़े का इस्तेमाल करें। नागरिकों से घरों के भीतर रहने, शांति बनाए रखने, अनावश्यक भीड़ न लगाने और स्वयंसेवकों एवं वार्डनों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल जनजागरूकता और सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक-ड्रिल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)