अंबेडकरनगर में इमारत ढही, मलबे में दबे लोगों को बचाया:NTPC प्लांट में आग लगते ही CISF ने संभाला मोर्चा, अस्पताल पहुंचाए गए घायल
अंबेडकरनगर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और नागरिक सुरक्षा की तैयारियां परखने के लिए रविवार शाम छह बजे बड़े स्तर पर ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देश पर जिला प्रशासन के नेतृत्व में NTPC टांडा परिसर और पुलिस लाइन में हवाई हमले की काल्पनिक चेतावनी के बीच बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया गया। शाम छह बजे सायरन बजते ही निर्धारित स्थानों पर ब्लैकआउट की प्रक्रिया शुरू हो गई। NTPC परिसर में दो जगह आग लगने का प्रदर्शन NTPC टांडा के प्रशासनिक भवन और प्लांट क्षेत्र में हवाई हमले की स्थिति दिखाते हुए दो स्थानों पर आग लगने का सजीव प्रदर्शन किया गया। सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की टीम ने मोर्चा संभाला और आग बुझाने का अभ्यास किया। वहीं, एक व्यक्ति के हताहत होने की काल्पनिक स्थिति बनाकर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक उपचार और आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। पुलिस लाइन में मलबे से लोगों को निकालने का अभ्यास दूसरी ओर, पुलिस लाइन में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, आपदा मित्रों और दमकल विभाग की टीम ने बचाव अभियान चलाया। यहां भवन ढहने की काल्पनिक स्थिति बनाकर मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने, आग पर काबू पाने और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल और त्वरित कार्रवाई की क्षमता परखी गई। आपदा प्रबंधन सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी: परियोजना प्रमुख ADM ज्योत्स्ना बंधु ने बताया कि अभ्यास का उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सायरन की चेतावनी पर नागरिकों को सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के प्रति जागरूक करना है। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना भी इसका मकसद है। NTPC टांडा के परियोजना प्रमुख राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल संस्थागत ही नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। ऐसे अभ्यास से आपात स्थिति में तुरंत निर्णय लेने और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने की क्षमता विकसित होती है। अधिकारियों ने भविष्य में भी इस तरह के अभ्यास नियमित रूप से कराने पर जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)