टप्पेबाजों ने बुजुर्ग महिला से सोना-नकदी ठगी:मथुरा के नया बस स्टैंड पर बैग में तकिया रखकर फरार हुए; महिला ने चेन और 6 हजार रुपए दिए
मथुरा में शादियों के सीजन में टप्पेबाजों का आतंक बढ़ता जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को निशाना बनाकर ठगी करने वाले शातिर नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला थाना कोतवाली क्षेत्र की बाग बहादुर पुलिस चौकी के अंतर्गत नया बस स्टैंड का है। यहां दो टप्पेबाजों ने एक बुजुर्ग महिला को अपनी बातों में उलझाकर उनसे सोने की चेन और नकदी ठग ली। आरोपियों ने महिला के बैग में आभूषणों की जगह तकिया रख दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के मुताबिक, वृंदावन निवासी चंदा पत्नी किशनलाल रविवार शाम अपने नाती की शादी में शामिल होने के लिए आगरा जाने के लिए नया बस स्टैंड पहुंची थीं। इसी दौरान वहां मौजूद दो शातिर टप्पेबाजों ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया। बताया जाता है कि एक आरोपी ने महिला को ब्लैक कार्ड बनवाने का झांसा दिया और इससे लाभ मिलने की बात कही। उसकी बातों में आकर बुजुर्ग महिला ने अपनी करीब सवा तोले की सोने की चेन और छह हजार रुपये नकद उसे दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने बड़ी चालाकी से महिला के बैग में तकिया रख दिया और वहां से निकल गए। महिला काफी देर तक उनके वापस आने का इंतजार करती रहीं, लेकिन जब कोई नहीं लौटा तो उन्होंने अपना बैग खोलकर देखा। बैग के अंदर सोने-चांदी के आभूषणों की जगह तकिया देखकर उनके होश उड़ गए। ठगी का एहसास होते ही महिला रोने लगीं। महिला की चीख-पुकार सुनकर बस स्टैंड पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला। शातिरों ने जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया, उससे साफ है कि वे पहले से ही लोगों को अपने जाल में फंसाने की फिराक में रहते हैं। शादी के सीजन में इस तरह की घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)