अनूपशहर में बसने लगा तंबुओं का शहर:5 किमी में दिखने लगी मेले की रौनक, 24 नवंबर को मुख्य स्नान, आज रात 12 बजे से रूट डायवर्जन

Nov 19, 2026 - 14:44
0
अनूपशहर में बसने लगा तंबुओं का शहर:5 किमी में दिखने लगी मेले की रौनक, 24 नवंबर को मुख्य स्नान, आज रात 12 बजे से रूट डायवर्जन
बुलंदशहर के अनूपशहर में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा की रेती में तंबुओं का शहर बसने लगा है। घाटों से लेकर नगर के बाजारों तक करीब पांच किलोमीटर के दायरे में मेले की रौनक दिखाई देने लगी है। 24 नवंबर को मुख्य गंगा स्नान होगा। श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए झूले, मीना बाजार और खानपान, कपड़े व घरेलू सामान की दुकानें सजाई जा रही हैं। मेले को देखते हुए आज रात 12 बजे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। इस दौरान भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने बताया कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र का विस्तार किया गया है। गंगा पुल के नीचे 30 बीघा अतिरिक्त जमीन शामिल की गई है। मेले के बेहतर संचालन के लिए पहली बार पूरे क्षेत्र को 17 ब्लॉकों में बांटा गया है। इस बार गंगा स्नान दो धाराओं में होगा। दोनों धाराओं को जोड़ने के लिए अस्थायी पुल बनाया गया है। अलीगढ़ तिराहे और गंगा की रेती में भव्य प्रवेश द्वार तैयार किए जा रहे हैं। डीएम ने कहा कि मेले के उद्घाटन तक सभी इंतजाम पूरे कर लिए जाएंगे। ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी, तीन जगह कंट्रोल रूम सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे मेला क्षेत्र पर वॉच टावर, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। बबस्टरगंज स्थित कांती प्रकाश सरस्वती शिशु मंदिर में मुख्य मेला कंट्रोल रूम और मेला कोतवाली बनाई गई है। इसके अलावा मस्तराम घाट और गंगा पुल की रेती में भी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। वाहनों की पार्किंग के लिए पांच स्थान चिह्नित किए गए हैं। 100 से अधिक सफाईकर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी मेले में साफ-सफाई के लिए रोस्टर के अनुसार 100 से अधिक सफाईकर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आठ मोबाइल टॉयलेट और 20 अस्थायी शौचालय बनाए गए हैं। पेयजल के लिए दो सबमर्सिबल पंप और आठ अस्थायी नल लगाए गए हैं। इसके साथ ही चिकित्सा सुविधाओं के भी इंतजाम किए जा रहे हैं। 23 से 25 नवंबर तक स्कूलों में अवकाश सीडीओ निशा ग्रेवाल ने बताया कि अनूपशहर नगर क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 23, 24 और 25 नवंबर का अवकाश घोषित किया गया है। उधर, अहार, कर्णवास और नरौरा में भी कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। यहां घाटों पर प्रकाश, सफाई, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User