अफेयर में पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या, 4 गिरफ्तार:लड़की के परिवार के लोग नाराज थे; गला दबाने के बाद शव तार से लटकाया
प्रतापगढ़ के परसरामपुर गांव में पूर्व प्रधान के बेटे मो. आरिफ उर्फ शकील की हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरिफ की हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते की गई थी। आरोपियों ने पहले उसका गला दबाया, फिर हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को बिजली के तार से लटका दिया। पुलिस ने बुधवार दोपहर 3 बजे मामले का खुलासा किया। कमरे में तख्त पर मिला था शव पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 की सुबह आरिफ घर के कमरे में तख्त पर मृत मिला था। उसके गले में बिजली का तार पड़ा हुआ था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। नरगिस से प्रेम संबंध की जानकारी पर बनाई हत्या की योजना एसपी के निर्देश पर मान्धाता पुलिस और स्वॉट टीम ने जांच के बाद मो. शमीम, मो. जमील, अयान अहमद और सलीम को गिरफ्तार किया। शमीम को उसके घर के पास से पकड़ा गया। वहीं, बाकी तीन आरोपियों को कुटुलिया चौराहे से शोभीपुर जाने वाले रास्ते पर नहर किनारे से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, सलीम की बेटी नरगिस और आरिफ के बीच प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी होने पर परिवार के लोग सामाजिक प्रतिष्ठा और गांव में बदनामी को लेकर नाराज थे। पुलिस का दावा है कि इसी वजह से चारों ने आरिफ की हत्या की योजना बनाई। आधी रात घर में घुसे, गला दबाकर की हत्या पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वे 13 और 14 नवंबर की दरमियानी रात करीब 12 बजे आरिफ के घर पहुंचे थे। सलीम घर के बाहर निगरानी करता रहा, जबकि जमील, शमीम और अयान कमरे में घुसे। तीनों ने आरिफ का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, वारदात को आत्महत्या दिखाने के लिए आरोपियों ने बिजली के तार से आरिफ के शव को छत की घुंडी से लटका दिया। मोबाइल फोन भी बरामद पुलिस ने सलीम की निशानदेही पर नीले रंग का ACE कंपनी का की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, इस फोन का इस्तेमाल मृतक से बातचीत करने के लिए किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. शमीम (40), मो. जमील (28), अयान अहमद (19) और सलीम (35) के रूप में हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)