टॉयलेट गए यात्री का बैग गायब हुआ:सीसीटीवी फुटेज से प्लेटफॉर्म-4 पर मिला 2.65 लाख का सामान
बरेली जंक्शन पर टॉयलेट गए यात्री का ट्रॉली बैग गायब हो गया। आरपीएफ ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और कुछ देर बाद बैग प्लेटफॉर्म नंबर चार पर मिल गया। उसमें करीब 2.65 लाख रुपये के आभूषण, कपड़े और अन्य सामान था। अमेठी जिले के भोला का पुरवा गांव निवासी 26 वर्षीय अनीश कुमार बुधवार को दिल्ली जाने के लिए बरेली जंक्शन पहुंचे थे। सुबह करीब 9:30 बजे टिकट लेने के बाद वह वेटिंग हॉल के पास बैठ गए। अनीश ने लाल रंग का ट्रॉली बैग मुरादाबाद की ओर बने फुट ओवरब्रिज के पास बेंच के नजदीक रखा और टॉयलेट चले गए। लौटने पर बैग वहां नहीं था। स्टेशन परिसर में तलाश के बाद भी बैग नहीं मिला, तो उन्होंने आरपीएफ पोस्ट पर मदद मांगी। आरपीएफ निरीक्षक मयंक चौधरी ने उप निरीक्षक मुरसलीम मलिक को तलाश के निर्देश दिए। स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। आरपीएफ जवान सचिन और जीआरपी कांस्टेबल उपेंद्र कुमार ने अनीश के साथ स्टेशन परिसर में तलाश की। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर चार पर शाहजहांपुर की ओर लाल रंग का ट्रॉली बैग मिला। अनीश ने बैग की पहचान की। आरपीएफ जवान उसे पोस्ट पर ले गए और अनीश के सामने खोलकर सामान की जांच की। बैग में सोने के तीन मंगलसूत्र, एक लॉकेट, दो बालियां, चांदी के सात बिछुए, दो जोड़ी पायल, बच्चे के गले की चेन और चांदी का एक लॉकेट था। इसमें महिलाओं और पुरुषों के करीब 20 जोड़ी कपड़े भी रखे थे। आरपीएफ निरीक्षक मयंक चौधरी के मुताबिक, सोने-चांदी के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये थी। कपड़ों और अन्य सामान की कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई। जांच के बाद पूरा बैग अनीश को सौंप दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)