अतीक–मुख्तार पर गोरखपुर में बन रही फिल्म:STF फाइल में अफसर बने रवि किशन, एनकाउंटर से करेंगे गुंडों का खात्मा

Nov 13, 2026 - 06:46
0
अतीक–मुख्तार पर गोरखपुर में बन रही फिल्म:STF फाइल में अफसर बने रवि किशन, एनकाउंटर से करेंगे गुंडों का खात्मा
यूपी में कभी आतंक और अपराध के दम पर अपना दबदबा कायम करने वाले अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे माफिया के खिलाफ अब पर्दे पर अभिनेता और सांसद रवि किशन मोर्चा संभालते नजर आएंगे। गोरखपुर में इन दिनों हिंदी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'STF: मिशन माफिया' की शूटिंग चल रही है। फिल्म में रवि किशन स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी में उत्तर प्रदेश में माफिया के आतंक, उनके आपराधिक नेटवर्क और उसके खात्मे को दिखाया जाएगा। फिल्म की शूटिंग को लेकर शहर में खासा उत्साह है। सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है। देखिए शूटिंग की 3 तस्वीरें.… फिल्म की शूटिंग के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में सेट तैयार किए जा रहे हैं। हाल ही में मियांबाजार इलाके में फिल्म के एक महत्वपूर्ण दृश्य की शूटिंग हुई। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोग अपने सांसद और पसंदीदा अभिनेता रवि किशन को कैमरे के सामने अभिनय करते देखने के लिए उत्साहित नजर आए। शूटिंग स्थल के आसपास काफी देर तक भीड़ जुटी रही। नौकायन केंद्र और रामगढ़ताल में भी फिल्माए गए दृश्य फिल्म की शूटिंग केवल मियांबाजार तक सीमित नहीं है। नौकायन केंद्र, रामगढ़ताल और शहर के दूसरे हिस्सों में भी अलग-अलग दृश्यों को फिल्माया जा रहा है। कुछ दिन पहले नौकायन केंद्र पर शूटिंग के दौरान रवि किशन को देखने के लिए उनके प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। लोगों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और उनके साथ सेल्फी लेने लगे। इस दौरान शूटिंग स्थल पर काफी देर तक प्रशंसकों का जमावड़ा लगा रहा। फिल्म में अपराधियों के खिलाफ एसटीएफ की कार्रवाई, एनकाउंटर, राजनीतिक गलियारों में माफिया के प्रभाव और पुलिस के एक्शन को दिखाया जाएगा। इसमें एक्शन के साथ-साथ राजनीतिक घटनाक्रम और अपराध की दुनिया से जुड़े घटनाक्रम भी देखने को मिलेंगे। फिल्म को सत्य घटनाओं से प्रेरित बड़े बजट की पैन इंडिया क्राइम थ्रिलर बताया जा रहा है। रवि किशन बोले लाखों करोड़ों का होगा फायदा दैनिक भास्कर से बातचीत में अभिनेता व सांसद रवि किशन ने बताया कि इस फिल्म की शूटिंग से गोरखपुर को आर्थिक रूप से बड़ा फायदा होगा। इससे शहर में लाखों-करोड़ों रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। साथ ही 30 से अधिक कलाकारों को रोजगार का अवसर मिला है। फिल्म को लेकर युवाओं में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है, जिसमें यूपी में माफिया के आतंक के खात्मे की कहानी दिखाई जाएगी। आने वाले दिनों में गोरखपुर में और भी फिल्मों की शूटिंग होगी, जिससे शहर को फिल्म सिटी के रूप में पहचान मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। हिंदी सिनेमा में पहली बार STF की कार्यप्रणाली पर फिल्म 'STF: मिशन माफिया' को लेकर दावा किया जा रहा है कि हिंदी सिनेमा में पहली बार एसटीएफ की कार्यप्रणाली और माफिया के खिलाफ उसके अभियान को केंद्र में रखकर फिल्म बनाई जा रही है। फिल्म में रवि किशन का किरदार अपराधियों के नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर काम करता दिखाई देगा। उत्तर प्रदेश में माफिया के प्रभाव और उनके खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई की पृष्ठभूमि कहानी को आगे बढ़ाएगी। गोरखपुर में पांच अन्य फिल्मों और वेब सीरीज की भी तैयारी फिल्म की शूटिंग गोरखपुर के लिए भी अहम मानी जा रही है। स्थानीय स्तर पर फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलने के साथ ही कलाकारों, तकनीशियनों और अन्य लोगों के लिए काम के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। शहर में फिल्म की शूटिंग होने से गोरखपुर की पहचान एक शूटिंग लोकेशन के रूप में भी मजबूत हो सकती है। खास बात यह है कि इस फिल्म के अलावा गोरखपुर में पांच अन्य भोजपुरी फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग की भी योजना बताई जा रही है। इससे आने वाले दिनों में शहर में फिल्मी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User