औरैया में किसानों को खेती के तरीके बताए जा रहे:खेत बचाओ अभियान के तहत 30 नवंबर तक 49 कार्यक्रम होंगे
औरैया जिले में किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए 30 नवंबर तक खेत बचाओ अभियान-2026 चलाया जा रहा है। अभियान 22 अक्टूबर से शुरू हुआ है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों में कुल 49 कार्यक्रम होंगे। हर विकास खंड में सात कार्यक्रम तय किए गए हैं। अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र ग्वारी, अछल्दा के वैज्ञानिक और कृषि विभाग के कर्मचारी किसानों को जानकारी दे रहे हैं। इसमें मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का संतुलित इस्तेमाल, प्राकृतिक खेती, फसल अवशेष प्रबंधन, एकीकृत कीट प्रबंधन, जल संरक्षण, जलवायु के अनुकूल खेती और फसल विविधीकरण शामिल हैं। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और फार्मर रजिस्ट्री की जानकारी भी दी जा रही है। किसान आईडी बनाने और अपडेट कराने के साथ रबी फसलों के सामान्य बीज और मिनीकिट की बुकिंग व वितरण के बारे में भी बताया जा रहा है। बुधवार को एरवाकटरा विकास खंड के ग्राम एरवाटिकुर में सुबह और सहार विकास खंड के ग्राम बिझाई में दोपहर की पाली में कार्यक्रम हुए। इनमें बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया। किसानों को रबी फसलों की बुवाई, कीट और रोगों से बचाव, उत्पादन बढ़ाने की तकनीकें और खेती की लागत घटाकर आमदनी बढ़ाने के उपाय बताए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)