सहारनपुर में सिपाही ने दहेज के लिए पत्नी को पीटा:स्कॉर्पियो न मिलने पर 15 लाख मांगे, तीन साल के बेटे समेत घर से निकाला-FIR
सहारनपुर में यूपी पुलिस के एक सिपाही पर पत्नी से 15 लाख रुपए अतिरिक्त दहेज मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। महिला का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की गई और बेटे के साथ घर से निकाल दिया गया। महिला थाना पुलिस ने गुरुवार सुबह 8 बजे पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हकीकत नगर निवासी महिला के मुताबिक, उसकी शादी 29 नवंबर 2021 को बुलंदशहर जिले के छपरावत निवासी जितेंद्र तेवतिया उर्फ जोनी से हुई थी। शादी में मायके वालों ने करीब 35 लाख रुपए खर्च किए थे। घरेलू सामान, सोने-चांदी के जेवर और कपड़ों के अलावा गाड़ी खरीदने के लिए 10 लाख रुपए नकद भी दिए थे। गाली-गलौज और मारपीट की जाती महिला का आरोप है कि पति के यूपी पुलिस में नौकरी करने का हवाला देकर ससुराल वाले ताने मारते थे। वे कहते थे कि शादी में स्कॉर्पियो मिलने की उम्मीद थी। इसके बाद उससे मायके से 15 लाख रुपए और लाने का दबाव बनाया जाने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। बेटे के साथ घर से निकालने का आरोप महिला के मुताबिक, 28 जुलाई 2023 को सास, ससुर और अन्य रिश्तेदारों ने उसे बेटे के साथ घर से निकाल दिया। उसने पति को फोन कर इसकी जानकारी दी तो पति ने कथित तौर पर धमकी दी कि 15 लाख रुपए लेकर नहीं आई तो जान से मार देगा। महिला ने बताया कि उसने दिसंबर 2023 और दिसंबर 2024 में पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी। इसके अलावा परिवार न्यायालय में भरण-पोषण का मुकदमा भी दायर किया। मध्यस्थता केंद्र में समझौते के बाद ससुराल वाले उसे बच्चे के साथ वापस ले गए, लेकिन कुछ समय बाद फिर से प्रताड़ित करने लगे। छोटी दीपावली पर मारपीट कर निकालने का आरोप महिला ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में छोटी दीपावली पर उसके साथ दोबारा मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। इसके बाद उसने महिला थाने में शिकायत दी। महिला ने पति जितेंद्र, सास मधु, ससुर अरविंद समेत छह लोगों को आरोपी बनाया है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)