'अयोध्या जाने पर अखिलेश ने विधायकों को दिया था फतवा':लखनऊ में मंत्री दयाशंकर सिंह ने सपा पर साधा निशाना, बोले- अखिलेश यादव वोट बैंक की वजह से अयोध्या नहीं जा रहे

Nov 18, 2026 - 20:25
0
'अयोध्या जाने पर अखिलेश ने विधायकों को दिया था फतवा':लखनऊ में मंत्री दयाशंकर सिंह ने सपा पर साधा निशाना, बोले- अखिलेश यादव वोट बैंक की वजह से अयोध्या नहीं जा रहे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और राम मंदिर में दर्शन नहीं करने को लेकर सवाल उठाए। मंत्री ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव सनातन का अपमान कर रहे हैं। उन्हें डर है कि भगवान श्रीराम के दर्शन करने से उनका एक वर्ग विशेष का वोट बैंक खिसक सकता है। अयोध्या जाने पर विधायकों को दिया था फतवा दयाशंकर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या गए थे, लेकिन उन्होंने रामलला के दर्शन क्यों नहीं किए? उन्होंने अपने विधायकों को मंदिर जाने से क्यों रोका? विधायकों को दर्शन नहीं करने पर फतवा जारी किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पहले केदारेश्वर मंदिर जाने की बात करते हैं और उसके बाद अयोध्या में राम मंदिर जाने की बात करते हैं। यह उनकी सोच को दर्शाता है। मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव एक वर्ग विशेष को ध्यान में रखकर राजनीति कर रहे हैं। उन्हें लगता है कि राम मंदिर में दर्शन करने से उनका वोट बैंक नाराज हो जाएगा। इसी वोट बैंक की राजनीति के कारण पहले राम भक्तों पर गोलियां चलवाई गईं। राम मंदिर के शिलान्यास और लोकार्पण के अवसर पर भी ये लोग शामिल नहीं हुए। अब भी इन्हें वोट खिसकने का डर सता रहा है। ‘ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन भाजपा का रथ नहीं रोक पाएगा’ असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए दयाशंकर सिंह ने कहा कि जब अखिलेश यादव मायावती को साथ लेकर भाजपा का रथ नहीं रोक पाए तो अब ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद मिलकर क्या रोकेंगे? सभी मिलकर भी भाजपा को नहीं रोक पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता के लिए काम किया है, जबकि विपक्षी दल केवल अपने परिवार के लिए राजनीति करते हैं। लगातार चुनाव हारने के बाद भी हार स्वीकार नहीं कर रहे सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि गोरखपुर में अखिलेश यादव के कार्यक्रम में इंटरनेट बंद किया गया। इस पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्षी नेता चुनाव से पहले माहौल बनाते हैं और हारने के बाद भी इसी तरह के बयान देते हैं। अखिलेश यादव को नेताजी मुलायम सिंह यादव की विरासत में पार्टी और कुर्सी मिली, लेकिन उनके साथ काम करने वाले पुराने नेता एक-एक करके पार्टी छोड़ते चले गए। वे अपनी पार्टी को भी ठीक से नहीं संभाल पाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार चुनाव हार रही है, लेकिन अपनी हार स्वीकार करने को तैयार नहीं है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा और बसपा ने गठबंधन किया था। दोनों दल साथ आने के बावजूद भाजपा को नहीं रोक पाए। मंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों ने 400 सीटें जीतने के दावे किए थे, लेकिन चुनाव परिणाम सबके सामने हैं। ‘आजम पर कानून के मुताबिक होगी कार्रवाई’ सपा नेता आजम खान के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने के सवाल पर दयाशंकर सिंह ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। सरकार का सिद्धांत सबका साथ, सबका विकास है। किसी के साथ पक्षपात या किसी की उपेक्षा नहीं की जाती। कानून के अनुसार ही कार्रवाई होती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User