अयोध्या में ट्रक ने छात्र को कुचला:लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में मौत, पहले डंपर और फिर ऑटो को मारी थी टक्कर
अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक ने पहले डंपर और फिर सड़क किनारे खड़े ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो के पास खड़े बीएससी नर्सिंग के छात्र शिवम चौधरी (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शाम को उनकी मौत हो गई। हादसा मिल्कीपुर बाजार के कट के पास सुबह करीब 11 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेकाबू ट्रक डंपर से टकराने के बाद सड़क किनारे खड़े ऑटो को रौंदता हुआ आगे बढ़ गया। इसी दौरान वहां खड़े शिवम उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक उनके ऊपर से निकल गया और उनका एक पैर कट गया। बाराबंकी के कॉलेज से कर रहे थे नर्सिंग की पढ़ाई शिवम चौधरी इनायतनगर थाना क्षेत्र के हैरिंग्टनगंज के रहने वाले थे। वह बाराबंकी के एक कॉलेज से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से शिवम को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ट्रक कब्जे में, चालक की तलाश प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)