दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस से डेढ़ किमी जाम:सिविल लाइन पर ट्रैफिक रुका; डीएम-एसपी ने विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया
देवरिया में गुरुवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के चलते शहर के सिविल लाइन मार्ग पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। अबूबकर नगर मोहल्ले से जुलूस को निकलने में करीब दो घंटे लगे। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। जुलूस में डीजे, वाद्य यंत्र और घोड़े शामिल थे। सुरक्षा के लिए जुलूस वाले मार्गों की बिजली भी काट दी गई। जिला मुख्यालय के स्वर्णकार संघ की ओर से गुरुवार शाम करीब 5 बजे दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जुलूस निकाला गया। जुलूस 500 मीटर से अधिक लंबा था। इसमें प्रतिमाओं के साथ डीजे और अन्य वाद्य यंत्र चल रहे थे। आगे घोड़े चल रहे थे। युवक हनुमान चालीसा और अन्य गानों की धुन पर थिरकते हुए आगे बढ़ रहे थे। जुलूस को देखते हुए शहर के करीब आधा दर्जन मार्गों पर रूट डायवर्जन किया गया था। छोटे वाहनों को जुलूस वाले रास्तों पर जाने से रोका गया। इसके बावजूद सिविल लाइन मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई। डीएम ने कपरवार घाट पर देखी व्यवस्था जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने देर शाम बरहज तहसील क्षेत्र के कपरवार घाट पहुंचकर विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। अधिकारियों को प्रतिमाओं का विसर्जन सुरक्षित तरीके से कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कपरवार घाट से उग्रसेन सेतु तक जाम नहीं लगने देने और यातायात सुचारु बनाए रखने को कहा। एसपी ने नदावर घाट का किया निरीक्षण पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह और तहसीलदार सलेमपुर के साथ मझौली राज स्थित नदावर घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाएं देखीं। एसपी ने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, रोशनी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने और भीड़ को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया। साथ ही वाहनों को निर्धारित स्थानों पर खड़ा कराने और विसर्जन मार्गों को अवरोधमुक्त रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिए काटी गई बिजली विसर्जन जुलूस को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर जुलूस वाले मार्गों की बिजली काट दी गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के डीजे और वाद्य यंत्रों के साथ शामिल होने के कारण यह एहतियाती कदम उठाया गया, ताकि बिजली के तारों से कोई दुर्घटना न हो। प्रशासन और पुलिस ने भीड़ को व्यवस्थित रखने और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए इंतजाम किए। देखें दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस की फोटो…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)