बार काउंसिल चुनाव: 61वें राउंड में 1010 मत गिने गए:849 वैध और 161 मत हुए एक्सहॉस्टेड, बाकी प्रत्याशियों की गिनती जारी
प्रयागराज उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव की मतगणना में 61वें एलिमिनेशन राउंड के दौरान 1010 मतों का हिसाब दर्ज किया गया। इसमें 849 वैध मतों का वितरण हुआ, जबकि 161 मत एक्सहॉस्टेड यानी समाप्त हो गए। शनिवार, 24 अक्टूबर को जारी मतगणना रिपोर्ट में मतों के ट्रांसफर का विवरण सामने आया। एलिमिनेशन प्रक्रिया के तहत बाहर होने वाले प्रत्याशियों के मत निर्धारित नियमों के अनुसार दूसरे प्रत्याशियों को ट्रांसफर किए जा रहे हैं। इस राउंड में दर्ज 849 वैध मतों में 551 मत पहले वितरण, 84 मत दूसरे वितरण और 214 मत तीसरे वितरण के तहत दर्ज किए गए। वहीं, एक्सहॉस्टेड मतों में पहले वितरण में 112, दूसरे में 13 और तीसरे में 36 मत शामिल हैं। इस तरह कुल 1010 मतों का विवरण सामने आया है। मतगणना के बीच अनुराग पांडेय 7088 मतों के साथ निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं। वह 25 सदस्यों में पहले स्थान पर रहे हैं। वहीं, शेष 56 प्रत्याशियों की मतगणना जारी है। मतगणना रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ के प्रशांत सिंह अटल 6872 मतों के साथ दूसरे और प्रयागराज के देवेंद्र मिश्रा नागराहा 6358 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। बुलंदशहर के शिव किशोर गौर को 5168 और प्रयागराज के पंचू राम मौर्य को 5090 मत मिले हैं। प्रयागराज के अजय यादव 4899 मतों के साथ छठे स्थान पर हैं। प्रयागराज के अन्य प्रत्याशियों में अमरेंद्र नाथ सिंह को 4039, इमरान माबूद खान को 3889, राकेश पाठक को 3699 और इमरान उल्लाह को 3523 मत मिले हैं। बार काउंसिल चुनाव की मतगणना में एलिमिनेशन राउंड के साथ मतों का ट्रांसफर जारी है। अब शेष प्रत्याशियों की स्थिति और आगामी मतगणना राउंड के परिणाम पर निगाहें टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)