मथुरा में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साधु को कुचला, मौत:चालक फरार; शव की पहचान नहीं हो सकी
मथुरा में शनिवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से साइकिल सवार साधु वेशधारी की मौत हो गई। हादसा वृंदावन मार्ग पर धर्मकांटे के पास हुआ। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी के मुताबिक, वृद्ध शनिवार को साइकिल से वृंदावन मार्ग पर जा रहा था। इसी दौरान वृंदावन की ओर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना मांट थाना क्षेत्र में हुई। ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ली हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मांट थाना पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया गया है। मृतक की पहचान कराने में जुटी पुलिस मृतक ने साधु का वेश धारण किया हुआ था। खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है, ताकि परिजनों का पता लगाकर उन्हें घटना की जानकारी दी जा सके। मांट थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में साइकिल सवार वृद्ध की मौत हुई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ले ली गई है और फरार चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)