मथुरा में 33 सेंटर पर होगी UP PET परीक्षा:3 दिन में 84816 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेन

Oct 24, 2026 - 19:18
0
मथुरा में 33 सेंटर पर होगी UP PET परीक्षा:3 दिन में 84816 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेन
मथुरा में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (UP PET) के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के 33 केंद्रों पर 25 और 30 अक्टूबर के साथ 1 नवंबर को परीक्षा होगी। इसमें कुल 84816 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। नकल रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए जिले को 5 जोन में बांटा गया है। वहीं, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने भी स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। 3 दिन में 6 पालियों में होगी परीक्षा UP PET परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को कुल 6 पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। ADM प्रशासन और SP सिटी संभालेंगे जिम्मेदारी परीक्षा के लिए प्रशासन की ओर से एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार और पुलिस की ओर से एसपी सिटी राजीव कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिले को सिटी, वृंदावन, मांट, रिफाइनरी और जैत समेत 5 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी सीओ स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। हर परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश UP PET में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल ने आगरा कैंट-झांसी ट्रेन का विस्तार किया है। इसके अलावा मथुरा जंक्शन से लखनऊ के लिए दोपहर 2 बजे और शाम 7 बजे परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने की जानकारी दी गई है। मथुरा जंक्शन से वीरांगना लक्ष्मीबाई और बांदा के लिए भी शाम 7 बजे स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर कानपुर और मथुरा के बीच भी अतिरिक्त ट्रेन चलाने की योजना है। कानपुर से मथुरा पहुंचेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन ट्रेन संख्या 01823 कानपुर सेंट्रल-मथुरा जंक्शन अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 24, 29 और 31 अक्टूबर को चलाई जाएगी। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से रात 8 बजे रवाना होगी। रास्ते में ट्रेन रूसा, झींझक, फफूंद, भरथना, इटावा जंक्शन, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद और टूंडला जंक्शन पर होते हुए आगरा पहुंचेगी। ईदगाह आगरा स्टेशन पर इसका ठहराव रात 1:10 बजे और आगरा कैंट पर रात 1:53 बजे होगा। इसके बाद ट्रेन मथुरा जंक्शन के लिए रवाना होगी और सुबह 3:10 बजे पहुंचेगी। रेलवे की ओर से आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर जरूरत के मुताबिक एक-एक अतिरिक्त रेक भी रखा जाएगा, ताकि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त ट्रेन चलाई जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User