बद्रीनाथ हाई-वे पर 10KM लंबा जाम:ज्योतिर्मठ से विष्णुप्रयाग के बीच फंसे तीर्थयात्री, 16 नवंबर को बंद होने हैं कपाट
बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने में अब सिर्फ चार दिन बाकी हैं, लेकिन यात्रा के अंतिम दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को बंद होने के बाद वहां पहुंचे ज्यादातर तीर्थयात्री अब बद्रीनाथ धाम का रुख कर रहे हैं। इसका असर बद्रीनाथ और आसपास के क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। यात्रियों की संख्या बढ़ने से ज्यादातर होटल फुल हो गए हैं, वहीं बद्रीनाथ हाईवे पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है। 10 किलोमीटर के दायरे में वाहनों की कतार श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के चलते ज्योतिर्मठ से विष्णुप्रयाग तक करीब 10 किलोमीटर के हिस्से में वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। संकरी सड़क और भनेरपाणी के भूस्खलन प्रभावित हिस्से के कारण बार-बार जाम की स्थिति बन रही है। यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस वनवे व्यवस्था के तहत वाहनों को निकाल रही है। इसके बावजूद यात्रियों को लंबे समय तक जाम में फंसना पड़ रहा है। यात्रा के अंतिम दिनों में बढ़ती भीड़ ने हाईवे पर यातायात प्रबंधन की चुनौती बढ़ा दी है। बद्रीनाथ में पंच पूजा शुरू, गणेश मंदिर के कपाट बंद एक ओर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर बद्रीनाथ धाम में कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। कपाट बंद होने से पहले होने वाली पंच पूजा के पहले दिन गुरुवार को श्री गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। बद्रीनाथ धाम के मुख्य कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद होंगे। इसके बाद भगवान बद्रीविशाल की पूजा शीतकालीन गद्दीस्थल पर होगी। ज्योतिर्मठ से विष्णुप्रयाग तक वाहनों की कतारें बद्रीनाथ हाईवे पर ज्योतिर्मठ से विष्णुप्रयाग तक करीब 10 किलोमीटर के हिस्से में वाहनों का दबाव बना हुआ है। सड़क संकरी होने के कारण यहां बार-बार जाम की स्थिति बन रही है। पुलिस वन-वे व्यवस्था के तहत वाहनों को निकाल रही है, लेकिन भनेरपाणी के भूस्खलन प्रभावित हिस्से में वाहनों की रफ्तार धीमी बनी हुई है। जाम की वजह से यात्री परेशान हरियाणा से आए तीर्थयात्री वरुण, अनामिका और कुणाल ने बताया कि वे गुरुवार को पीपलकोटी से बद्रीनाथ के लिए निकले थे। मंदिर में दर्शन के बाद उनका माणा गांव जाने का कार्यक्रम था, लेकिन ज्योतिर्मठ में जाम के कारण उनका शेड्यूल बिगड़ गया। उत्तर प्रदेश के रामपुर से आए विनोद प्रकाश, रजनी और रितिक ने बताया कि उन्हें पीपलकोटी और ज्योतिर्मठ में घंटों तक जाम में फंसा रहना पड़ा। यात्रियों के मुताबिक, वाहनों की लंबी कतारों के कारण सफर में काफी समय लग रहा है। वन-वे से निकाले जा रहे वाहन पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह ने बताया कि यात्रा वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण ज्योतिर्मठ में वनवे व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत वाहनों की आवाजाही नियंत्रित तरीके से कराई जा रही है, ताकि हाईवे पर यातायात सुचारु रखा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)