लखनऊ में गोमती उत्सव-2026 शुरू हुआ:डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने किया उद्घाटन; लोककला और साहित्य की दिखी झलक

Nov 13, 2026 - 23:56
0
लखनऊ में गोमती उत्सव-2026 शुरू हुआ:डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने किया उद्घाटन; लोककला और साहित्य की दिखी झलक
लखनऊ में शुक्रवार को गोमती उत्सव-2026 की शुरुआत हो गई। गोमती उत्सव समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। तीन दिन तक चलने वाले इस उत्सव में संगीत, नृत्य, लोककला और साहित्य की झलक देखने को मिलेगी। यह आयोजन गोमतीनगर के विशालखंड-4 स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में हो रहा है। कलाकारों ने संगीत से लोगों का मनोरंजन किया उत्सव के पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद एक के बाद एक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। किसी ने संगीत से लोगों का मनोरंजन किया तो किसी ने नृत्य के जरिए भारतीय संस्कृति के रंग दिखाए। चरकुला नृत्य, मयूर नृत्य और फूलों की होली जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। वहीं, बॉलीवुड गायक रवि त्रिपाठी ने अपनी आवाज से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। 15 हस्तियों को मिला गोमती गौरव सम्मान कार्यक्रम का एक खास आकर्षण गोमती गौरव सम्मान समारोह रहा। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली 15 विभूतियों को सम्मानित किया गया। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने इन हस्तियों को सम्मान प्रदान किया। सम्मानित होने वालों में न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडेय, आरके धीमान, पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह, डॉ. विनोद मिश्रा, पद्मश्री अनिल रस्तोगी, सीएमएस की निदेशिका गीता गांधी, न्यायमूर्ति सुधीर सक्सेना, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. सर्वनारायण झा, एसकेडी सिंह, पूर्व महापौर और पार्षद रणजीत सिंह सहित अन्य विभूतियां शामिल रहीं। 14 और 15 नवंबर को भी होंगे कई कार्यक्रम गोमती उत्सव का आयोजन 13 से 15 नवंबर तक किया जा रहा है। दूसरे दिन यानी 14 नवंबर को लोकनृत्य, मुंबई के वीआईपी कॉमेडियन और भोजपुरी गायन की प्रस्तुतियां होंगी। शाम चार बजे युवा कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवा कवि अपनी रचनाएं सुनाएंगे। वहीं, 15 नवंबर को फरवाही नृत्य, पूर्वांचल के लोकनृत्य और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। भारतीय संस्कृति और लोककलाओं को मंच देना है मकसद आयोजन समिति के मुताबिक, गोमती उत्सव का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, लोकपरंपराओं और साहित्यिक प्रतिभाओं को एक मंच देना है। इसके जरिए नई पीढ़ी को देश की पारंपरिक कलाओं से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचकर इस तीन दिवसीय उत्सव का हिस्सा बनें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User