झांसी में रेलवे ट्रैक पर मिली किशोरी की बॉडी:सुबह की थी छत से कूदने की कोशिश, शौच के लिए जाने की बात कहकर निकली थी
झांसी के बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम मोटा खैलार में गुरुवार को 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह उसने पहले घर की छत से कूदने का प्रयास किया था, लेकिन परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया। इसके कुछ देर बाद वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकली। बाद में उसका क्षत-विक्षत शव झांसी-भोपाल रेल लाइन पर पड़ा मिला। वहीं, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। ग्राम मोटा खैलार निवासी राकेश प्रजापति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा पढ़ाई कर रहा है। दूसरे नंबर की बेटी साइना (17) ने कक्षा आठ तक पढ़ाई की थी। चचेरे भाई दीपक के मुताबिक, साइना कुछ समय से तनाव में थी। गुरुवार सुबह वह घर की छत पर पहुंची और वहां से कूदने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान परिवार के लोगों की नजर उस पर पड़ गई। परिजनों ने तत्काल उसे रोक लिया और छत से नीचे उतार लाए। दीपक ने बताया गया कि सुबह की इस घटना के कुछ देर बाद करीब नौ बजे साइना शौच के लिए जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच गांव के लोगों ने झांसी-भोपाल रेल लाइन पर एक किशोरी का क्षत-विक्षत शव पड़े होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव की पहचान साइना के रूप में हुई तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार को भी तनाव की वजह नहीं पता घटना के बाद परिजन इस मामले में बात करने को भी तैयार नहीं थे। हालांकि, उन्होंने साइना के सुबह छत से कूदने का प्रयास करने और कुछ समय से तनाव में रहने की बात स्वीकार की है। लेकिन उसे किस बात का तनाव था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। परिवार के लोग भी इस बारे में खुलकर कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में किशोरी की मौत से पहले की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो सकी हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि साइना किस वजह से तनाव में थी और पिछले कुछ दिनों में उसके व्यवहार में कोई बदलाव आया था या नहीं। पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी रेलवे लाइन पर किशोरी का शव मिलने के बाद परिवार के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, पुलिस भी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घर से निकलने के बाद साइना कहां गई और रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंची? फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)