बदरीनाथ धाम में पंच पूजा शुरू, गणेश मंदिर बंद:मुख्य मंदिर के कपाट 16 नवंबर को रात 9:37 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे

Nov 12, 2026 - 19:29
0
बदरीनाथ धाम में पंच पूजा शुरू, गणेश मंदिर बंद:मुख्य मंदिर के कपाट 16 नवंबर को रात 9:37 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे
बदरीनाथ धाम में शीतकाल के लिए कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार से पंच पूजा का शुभारंभ हुआ। पहले दिन पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद देर शाम श्री गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। पंच पूजा के पहले दिन सुबह अभिषेक पूजा से पहले भगवान गणेश को मंदिर प्रांगण से बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल और श्री गणेश के दर्शन किए। मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना होती रही। बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इससे पहले पंच पूजा के तहत अगले दिनों में अन्य धार्मिक परंपराएं पूरी की जाएंगी। पंच पूजा के पहले दिन गणेश मंदिर के कपाट बंद गुरुवार सुबह विधि-विधान के साथ पंच पूजा की शुरुआत हुई। अभिषेक पूजा से पहले भगवान गणेश को मंदिर प्रांगण से बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान किया गया। इसके बाद भगवान बदरीविशाल और गणेश जी की पूजा-अर्चना की गई। देर शाम श्री गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। पूजा में मंदिर के मुख्य रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर आचार्य सेमवाल, डॉ. रवीन्द्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी और डॉ. अमित बंदोलिया शामिल रहे। शुक्रवार को बंद होंगे आदि केदारेश्वर और शंकराचार्य मंदिर के कपाट श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजा के दूसरे दिन शुक्रवार, 13 नवंबर को दोपहर बाद आदि केदारेश्वर मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके बाद निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार बदरीनाथ धाम के मुख्य कपाट बंद करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 16 नवंबर को रात 9:37 बजे धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होंगे। बीकेटीसी पदाधिकारियों ने दी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पंच पूजा शुरू होने पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण ने भी कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू होने पर श्रद्धालुओं को बधाई दी। इस मौके पर बीकेटीसी सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल, पूर्व रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी और मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान मौजूद रहे। मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User