भाई-दूज पर मामा के घर आई किशोरी नदी में डूबी:सीतापुर में 15 घंटे बाद भी सुराग नहीं, गोताखोर शारदा नदी में तलाश कर रहे

Nov 12, 2026 - 07:23
0
भाई-दूज पर मामा के घर आई किशोरी नदी में डूबी:सीतापुर में 15 घंटे बाद भी सुराग नहीं, गोताखोर शारदा नदी में तलाश कर रहे
सीतापुर के तंबौर क्षेत्र के रतनगंज गांव में बुधवार शाम करीब 4 बजे भाई दूज पर मामा के घर आई सात वर्षीय मासूम काजल शारदा नदी में डूब गई। घटना के करीब 15 घंटे बीत जाने के बाद भी बालिका का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस और गोताखोर नदी में उसकी तलाश में जुटे हैं। नदी में जाल डालने के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उधर, मासूम के लापता होने से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, रेउसा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत रमुवापुर कालिका सिंह निवासी ब्रजकिशोर भार्गव भाई दूज के त्योहार पर अपनी पत्नी और सात वर्षीय बेटी काजल के साथ तंबौर थाना क्षेत्र के रतनगंज गांव में अपने साले बदलू भार्गव के घर आए थे। परिवार में त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं। इसी दौरान बुधवार शाम करीब चार बजे काजल खेलते समय शारदा नदी के किनारे चली गई थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी में डूब गई। काफी देर तक काजल के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। नदी में डूबने की आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही तंबौर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नदी में जाल डलवाकर तलाश शुरू कराई गई। बाद में गोताखोरों की मदद से भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया। घटना की जानकारी भाजपा मंडल अध्यक्ष विमलेश चौरसिया ने सेवता विधायक ज्ञान तिवारी को दी। विधायक ने एसडीएम बिसवां डॉ. राहुल सिंह वत्स से फोन पर बात कर पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और तलाश तेज कराने के निर्देश दिए। मौके पर नायब तहसीलदार सुधीर श्रीवास्तव और लेखपाल इरशाद अली भी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User