भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में बढ़ा कमलेश पासवान का कद:दलित नेता के रूप में राजनीतिक प्रस्तावों का अनुमोदन किया
लखनऊ में 30 अक्टूबर को संपन्न भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कई राजनीतिक प्रस्ताव पास किए गए। इस बैठक में पार्टी ने जातिगत समीकरणों का खास ध्यान रखा। राजनीतिक प्रस्तावों को लेकर हर वर्ग के नेता का चयन किया गया था। प्रस्ताव प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को मिली तो समर्थन ब्राह्मण नेता ब्रजेश पाठक ने किया। अनुमोदन की बारी आयी तो दलित नेता के रूप में यह जिम्मेदारी गोरखपुर जिले के बांसगांव से सांसद व केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान को मिली। कमलेश पासवान लंबे समय से केंद्र की राजनीति में सक्रिय हैं। लगातार 4 बार से सांसद चुने जा रहे हैं। दलित वर्ग से आने वाले कमलेश पासवान को इस बार भाजपा ने केंद्र में मंत्री बनाकर उनका कद बढ़ाया। हालांकि प्रदेश की राजनीति में उनका अधिक हस्तक्षेप नहीं होता था लेकिन इस बार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में संपन्न प्रदेश कार्यसमिति में उन्हें खासी तवज्जो मिली। प्रदेश कार्यमिति के राजनीतिक प्रस्तावों के अनुमोदन में उनको प्रमुख भागीदारी देकर पार्टी ने प्रदेश की राजनीति में एक तरह से उनकी इंट्री कराई है। प्रदेश की राजनीति के जाने-माने चेहरों के साथ उन्हें भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का मौका दिया गया। सरकार में डिप्टी सीएम का दायित्व निभा रहे केशव प्रसाद मौर्य पार्टी का ओबीसी चेहरा हैं। इसी तरह ब्रजेश पाठक ब्राह्मण चेहरे के रूप में जाने जाते हैं। प्रदेश की राजनीति में इनकी सक्रियता भी खूब है। प्रदेश में दलित नेता कई हैं लेकिन इस बार भरोसा गोरखपुर के कमलेश पासवान पर जताया गया। प्रदेश के हर जिले से पदाधिकारी इस कार्यसमिति में उपस्थित हुए थे। कार्यसमिति में सबसे महत्वपूर्ण कार्य राजनीतिक प्रस्तावों का होता है। पार्टी ने इस बात का ख्याल रखा कि इससे अनुमोदन तक पहुंचाने के लिए जिन नेताओं को जिम्मेदारी दी जाए, उनसे सर्वसमाज का प्रतिनिधित्व दिखाई दे। यही हुआ भी। सबसे पहले केशव मौर्य ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा और इसको लेकर संबोधन किया। उसके बाद ब्रजेश पाठक ने इन प्रस्तावों का समर्थन किया। अब बारी अनुमोदन की आयी तो यह जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान को दी गई। कमलेश पासवान ने अनुमोदन करते हुए अपना संबोधन भी प्रस्तुत किया। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी सक्रियता नजर आ सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)