आजमगढ़ में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी:छह नमूने जांच के लिए भेजे, 140 किलो खाद्य सामग्री मौके पर कराई गई नष्ट
आजमगढ़ में आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की ओर से जिले में विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न बाजारों में कार्रवाई करते हुए पनीर, खोया और मिठाई समेत छह खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे। विभागीय टीम ने लालगंज से पनीर का एक, खरिहानी से खोया का एक, मेंहनगर से खोया का एक, मड़या कंधरापुर से पेड़ा का एक, परशुरामपुर से खोया का एक और छेना मिठाई का एक नमूना लिया। इसके अलावा एक खाद्य कारोबारकर्ता को प्रतिष्ठान में सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। तहसील लालगंज में खाद्य सचल प्रयोगशाला के माध्यम से शीत कुमार सिंह ने खाद्य कारोबारकर्ताओं और आम लोगों को खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता के प्रति जागरूक किया। अब तक लिए जा रहे 27 नमूने
विभाग के अनुसार, दीपावली पर्व को देखते हुए अब तक जिले में कुल 27 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं। वहीं, दूषित अवस्था में पाए जाने पर 25 किलोग्राम खोया (कीमत 7,500 रुपये), 95 किलोग्राम बूंदी का लड्डू (कीमत 19,500 रुपये) और 20 किलोग्राम कलाकंद मिठाई (कीमत 5,000 रुपये) को मौके पर ही नष्ट कराया गया है। इस तरह कुल 140 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 32 हजार रुपये है।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि आगामी त्योहारों तक छापेमारी और जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)