बिना अनुमति के दर्जनों हरे पेड़ काटे गए:बुलंदशहर में वन विभाग ने 6 लोगों को हिरासत में लिया, 2 कटर भी बरामद

Oct 25, 2026 - 16:38
0
बिना अनुमति के दर्जनों हरे पेड़ काटे गए:बुलंदशहर में वन विभाग ने 6 लोगों को हिरासत में लिया, 2 कटर भी बरामद
बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां वन विभाग के नियमों को दरकिनार कर खुलेआम हरे-भरे पेड़ों पर आरी चलवा दी गई। आरोप है कि मंडी सचिव के इशारे और बिना किसी विभागीय अनुमति के मंडी परिसर के भीतर एक दर्जन से अधिक हरे पेड़ों को कटवा दिया गया। रविवार दोपहर 2 बजे इस अवैध कटान की भनक लगते ही वन विभाग की टीम में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में टीम ने मौके पर पहुंचकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ​खुर्जा कोतवाली क्षेत्र स्थित मंडी परिसर में पिछले कुछ दिनों से पेड़ों के कटान की गतिविधियां चल रही थीं। नियमानुसार किसी भी सार्वजनिक या सरकारी परिसर में खड़े हरे पेड़ों को काटने से पहले वन विभाग से विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य होता है। लेकिन इस मामले में मंडी प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की अनुमति प्राप्त नहीं की गई थी। पर्यावरण संरक्षण के तमाम दावों के बीच इस तरह धड़ल्ले से पेड़ों की कटाई किए जाने से स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों में भी रोष व्याप्त है। विशेष टीम तुरंत मौके पर रवाना हो गई ​जैसे ही वन विभाग के अधिकारियों को बिना अनुमति के पेड़ों के अवैध कटान की सूचना मिली, विभाग की एक विशेष टीम तुरंत मौके पर रवाना हो गई। टीम ने जब मंडी परिसर का निरीक्षण किया, तो वहां भारी संख्या में कटे हुए पेड़ और उनकी लकड़ियां बिखरी मिलीं। ​ मौके पर मुस्तैदी दिखाते हुए वन विभाग की टीम ने अवैध कटान में संलिप्त 6 लोगों को मौके से ही धर दबोचा और उन्हें हिरासत में ले लिया। आरोपियों के कब्जे से पेड़ों को काटने में इस्तेमाल किए जाने वाले 2 अत्याधुनिक कटर (आरा मशीन) भी बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल पेड़ों को धराशायी करने के लिए किया जा रहा था। ​वन विभाग के अधिकारी अब गहराई से जांच-पड़ताल कर रहे हैं। खुर्जा के क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) आदित्य सिंह ने बताया कि बिना अनुमति के हरे पेड़ों का कटान गंभीर मामला है। मौके से 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके पास से दो कटर भी बरामद हुए हैं। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User