सानिध्य द्विवेदी का विश्वसॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के लिए चयन:अंडर-18 में यूपी से इकलौते खिलाड़ी, भारत से 5 खिलाड़ी होंगे शामिल; चीन में होगी प्रतियोगिता
कौशांबी के गौसपुर नवांवा गांव के रहने वाले सानिध्य धर द्विवेदी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके सानिध्य का चीन में आयोजित होने वाली विश्व सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। अंडर-18 वर्ग में पूरे भारत से केवल पांच खिलाड़ियों को चुना गया है। इनमें उत्तर प्रदेश से सानिध्य इकलौते खिलाड़ी हैं। इस उपलब्धि से कौशाम्बी जिले का नाम राष्ट्रीय खेल जगत में रोशन हुआ है। अब सानिध्य चीन में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए विश्व चैंपियनशिप में अपना दमखम दिखाएंगे। विश्व सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन 26 से 31 अक्टूबर 2026 तक चीन में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में दुनिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में जगह बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि है। सानिध्य ने अंडर-18 वर्ग में अपनी जगह पक्की कर यह साबित किया है कि लगन, अनुशासन और लगातार मेहनत के दम पर छोटे जिले से निकलकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा जा सकता है। सानिध्य धर द्विवेदी का चयन गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित चयन ट्रायल के माध्यम से हुआ। यह ट्रायल 11 से 14 सितंबर 2026 तक आयोजित किया गया था। इसमें खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विश्व चैंपियनशिप के लिए चयन किया गया। सानिध्य ने अपने खेल कौशल और प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल रहे। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में लेते हैं प्रशिक्षण सानिध्य लखनऊ के प्रतिष्ठित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सॉफ्ट टेनिस का प्रशिक्षण लेते हैं। यहां वह कोच उजैर अहमद के मार्गदर्शन में अभ्यास करते हैं। विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने पर रहेंगी निगाहें 26 से 31 अक्टूबर तक चीन में आयोजित होने वाली विश्व सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप को लेकर सानिध्य से काफी उम्मीदें हैं। राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक और थाईलैंड में दो स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनके सामने अब विश्व चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)