बिसलेरी बोली- हमारा पानी सुरक्षित, तय सीमा में ब्रोमेट:FSSAI का दावा- कंपनी के पानी में कैंसरकारी तत्व, केस चलेगा; सभी ब्रांड्स की जांच होगी
बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर को सुरक्षित बताते हुए दावा किया है कि रेफरल लैब की जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली। कंपनी ने यह भी कहा कि उसे अब तक FSSAI की ओर से कोई नोटिस नहीं मिला है। वहीं, FSSAI ने एक दिन पहले कंपनी के पानी के सैंपल को असुरक्षित बताते हुए केस चलाने की मंजूरी दी है। मामले के बाद अब सभी ब्रांड्स के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की जांच की जाएगी। एक सरकारी सूत्र ने इसकी जानकारी दी है। 14 महीने पुराने मामले में कार्रवाई बिसलेरी के मुताबिक, मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने प्लांट से पानी के 6 सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में 5 सैंपल तय मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को इस जांच के खिलाफ अपील की। इसके बाद FSSAI ने सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा। बिसलेरी के मुताबिक, रेफरल लैब ने ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर पाई, लेकिन सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी बताई। कंपनी ने दूसरी लैब में भी कराई जांच बिसलेरी ने कहा कि दोनों जांचों के नतीजों में अंतर को देखते हुए उसने उसी सैंपल की जांच FSSAI से मंजूर एक अन्य लैब में कराई। इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली। कंपनी ने 2 फरवरी 2026 को स्वतंत्र जांच की रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दी थी। बिसलेरी के मुताबिक, इसके बाद उसे कोई और सूचना नहीं मिली और उसने समझा कि मामला बंद हो गया है। कंपनी ने बताया कि उसकी मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया में 10 चरणों के दौरान 90 से ज्यादा गुणवत्ता जांच की जाती हैं। उसने कहा कि पानी की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और वह FSSAI के साथ सहयोग करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)