पौव्वा चढ़ाते ही ओमप्रकाश राजभर को याद आते हैं अखिलेश:सीमा राजभर बोलीं- जमीन में ऐसा गाड़ेंगे कि कहीं से चुनाव लड़ने के लायक नहीं बचेंगे

Nov 23, 2026 - 12:23
0
पौव्वा चढ़ाते ही ओमप्रकाश राजभर को याद आते हैं अखिलेश:सीमा राजभर बोलीं- जमीन में ऐसा गाड़ेंगे कि कहीं से चुनाव लड़ने के लायक नहीं बचेंगे
समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि सीमा राजभर उन्हें जमीन में इतना अच्छी तरह गाड़ेगी कि वह कहीं से चुनाव लड़ने लायक नहीं बचेंगे। सीमा राजभर ने यह बात रविवार शाम बांसडीह के नरायनपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। वह पूर्व मुख्यमंत्री एवं रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। ओमप्रकाश राजभर के उस बयान पर सवाल पूछा गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि जो लोग उनका हक और अधिकार लेने के बीच में बाधा बनेंगे, उन्हें जमीन में दफना देंगे। इसके जवाब में सीमा राजभर ने कहा, "जब ओमप्रकाश जी पौव्वा चढ़ाकर उठते हैं, तब उन्हें अखिलेश यादव याद आते हैं। जीने का सहारा जिनका नाम हो अखिलेश, तो उनका नाम लेने में इन लोगों को कोई गुरेज नहीं है। इन दो कौड़ी के नेताओं की इतनी औकात नहीं है कि जुबानी जंग हमसे जीत सकें। अखिलेश यादव पर हमला करेंगे तो मैं चुप नहीं बैठूंगी। पहले आप छेड़ेंगे तो हम छोड़ेंगे नहीं।" उन्होंने आगे कहा कि ओमप्रकाश राजभर 22 साल से राजभरों को हक और हिस्सा दिलाने की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल कराकर अधिकार दिलाना उनके बस की बात नहीं है। यह काम समाजवादी पार्टी करेगी और वह खुद राजभर समाज के हक की लड़ाई लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि राजभर समाज का सपना पूरा करने के लिए वह संघर्ष करती रहेंगी। ओमप्रकाश राजभर के इस सवाल पर कि अखिलेश यादव ने किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया, जबकि आजम खान बड़े नेता हैं, सीमा राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, "अगर ओमप्रकाश राजभर में इतनी हैसियत और कूबत है तो आजम खान की चिंता छोड़कर अपनी पार्टी के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बदलकर किसी राजभर समाज की बेटी को बनाकर दिखाएं। अखिलेश यादव ने मुझ जैसी राजभर समाज की गरीब बेटी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है।" बिहार और यूपी की राजनीति अलग-अलग यूपी में कांग्रेस की ओर से सीटों की लंबी सूची दिए जाने और बिहार में कांग्रेस की वजह से तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री नहीं बन पाने के सवाल पर सीमा राजभर ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश की राजनीति अलग-अलग है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी का बोलबाला है और जनता सपा के समर्थन में है। उन्होंने कहा कि सीटों को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। सभी दलों में भाईचारा बना रहेगा। जहां से जीत की संभावना होगी, वहीं से सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। केशव मौर्य पर भी साधा निशाना डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव को अयोध्या के बजाय मथुरा जाने की सलाह दी थी और सच्चे यदुवंशी होने पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़ा मुद्दा उठाने की बात कही थी, सीमा राजभर ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं का काम नफरत फैलाना और धर्म के नाम पर राजनीति करना है। इनकी इतनी हैसियत नहीं है कि गरीबों के हित की बात कर सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नफरत फैलाने वाली सरकार है और उसके मंत्री भी इसी राजनीति में लगे हैं। केशव प्रसाद मौर्य पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि मौर्य गरीबों को गलती से ले जाते हैं और आठ बीघे की जगह 16 बीघे लिखवा लेते हैं। उन्होंने उन्हें लुटेरा बताते हुए कहा कि ऐसे मंत्री गरीबों के हित की बात क्या करेंगे। महिला आरक्षण के विरोध पर दी सफाई महिला आरक्षण बिल का पहले विरोध करने और अब भी विरोध की स्थिति पर पूछे गए सवाल पर सीमा राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी आरक्षण का विरोध नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए आरक्षण को प्रभावित करने की रणनीति बनाई जा रही थी। भाजपा महिलाओं को सिर्फ नारा बनाने की कोशिश कर रही थी। इसी रणनीति का सपा ने विरोध किया था, न कि महिला आरक्षण का। बोलीं- सपा महिलाओं का सबसे ज्यादा सम्मान करती है सपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से ओमप्रकाश राजभर के अखिलेश यादव पर हमलावर होने के सवाल पर सीमा राजभर ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने की आजादी है। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश की राजनीति में समाजवादी पार्टी जितना महिलाओं का सम्मान करती है, उतना कोई दूसरी पार्टी नहीं करती। सपा गरीबों और वंचितों के हितों पर ध्यान देती है। उन्होंने कहा कि समाज के जिस वर्ग के पास सरकार बनाने की ताकत है, सपा उस वर्ग के हितों को प्राथमिकता देती है। यह गर्व की बात है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User