दरोगा ने गुमटी की चौकी पलटी, झोले पर मारी लात:प्रयागराज में सरेआम दुकानदार को दी गालियां, महिला राहगीर को देखकर भी नहीं रुका

Nov 23, 2026 - 12:23
0
दरोगा ने गुमटी की चौकी पलटी, झोले पर मारी लात:प्रयागराज में सरेआम दुकानदार को दी गालियां, महिला राहगीर को देखकर भी नहीं रुका
प्रयागराज के फाफामऊ में एक दरोगा की दबंगई का वीडियो सामने आया है। इसमें दरोगा गुमटी के बाहर रखी चौकी पलटते और सामान के पास रखे झोले को लात मारकर फेंकते नजर आ रहा है। यही नहीं, उसने दुकानदार को सरेआम गालियां भी दीं। हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त दरोगा यह सब कर रहा था, वहां आसपास महिलाएं भी मौजूद थीं। इसके बावजूद वह लगातार दुकानदार पर रौब झाड़ता रहा। घटना का 1 मिनट 5 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो की शुरुआत में ही दरोगा गुमटी के बाहर रखी चौकी को पलटता दिखाई देता है। दूसरी तरफ दुकानदार अपना सामान समेटता नजर आता है। इसी दौरान दरोगा गुमटी के सामने रखे एक झोले को पैर से लात मारकर दूर फेंक देता है। इसके बाद दरोगा दुकानदार को गालियां देते हुए दुकान बंद करने के लिए कहता है। उसके व्यवहार और हावभाव से साफ दिख रहा है कि वह दुकानदार पर अपना रौब जमा रहा है। इस दौरान दुकानदार भी अपना सामान समेटने में लगा रहता है। महिलाओं की मौजूदगी में भी नहीं थमी दरोगा की दबंगई वीडियो में घटनास्थल के आसपास महिलाएं भी खड़ी दिखाई दे रही हैं। एक महिला गुमटी से कुछ दूरी पर खड़ी होकर सवारी गाड़ी का इंतजार करती नजर आती है। वहीं, कुछ दूरी पर अन्य महिलाएं भी मौजूद हैं। इसके बावजूद दरोगा को अपने व्यवहार का ख्याल नहीं रहा। वह खुलेआम गाली-गलौज और तोड़फोड़ जैसी हरकत करता दिखाई देता है। काली पैशन बाइक से पहुंचा था दरोगा फिलहाल वीडियो में दिख रहे दरोगा की पहचान नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि उसने किस वजह से दुकानदार के साथ इस तरह का व्यवहार किया। सामने आई जानकारी के मुताबिक, दरोगा काले रंग की पैशन बाइक से मौके पर पहुंचा था। इस मामले में एसीपी थरवई अजेंद्र यादव से बात की गई तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। उनका कहना था कि फाफामऊ थाना प्रभारी से जानकारी करने के बाद ही इस बारे में कुछ बताया जा सकेगा। फिलहाल दरोगा की पहचान और उसके इस व्यवहार की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User