बखिरा में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया:दीपावली और लक्ष्मी पूजन से पहले संवेदनशील इलाकों, मूर्ति स्थलों और विसर्जन मार्गों का जायजा लिया

Nov 02, 2026 - 22:40
0
बखिरा में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया:दीपावली और लक्ष्मी पूजन से पहले संवेदनशील इलाकों, मूर्ति स्थलों और विसर्जन मार्गों का जायजा लिया
संतकबीरनगर: दीपावली और लक्ष्मी पूजन से पहले सोमवार शाम संतकबीरनगर के बखिरा इलाके में पुलिस-प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों ने संवेदनशील जगहों, मूर्ति स्थापना स्थलों और विसर्जन मार्गों का जायजा लिया। अपर जिलाधिकारी सत्यप्रकाश और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ वाहन से मार्च किया। यह मार्च पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में निकाला गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय नारायण त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्व दवन सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने तरकुलवा, लेदुआ महुआ, अमरडोभा और बुदहिया बाजार समेत कई इलाकों का दौरा किया। नवस्थापित मूर्ति स्थलों और प्रमुख मार्गों की सुरक्षा भी देखी। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को पर्व के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए। संवेदनशील जगहों पर निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से कराने को कहा। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और आयोजकों से बात की। उन्होंने लोगों से त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। बिना पुष्टि की खबरें या सूचनाएं सोशल मीडिया पर साझा न करने को भी कहा। अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर देने को कहा। उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी बखिरा, चौकी प्रभारी कस्बा बखिरा, चौकी प्रभारी राजेडीहा, चौकी प्रभारी दुर्गजोत और थाना-चौकी का पुलिस बल शामिल रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User