ट्रक का पीछा करने में पलटी तहसीलदार की गाड़ी:बांदा से MP क्षेत्र में गए थे, SDM ने स्पष्टीकरण मांगने की बात कही
बांदा जिले के अतर्रा तहसीलदार की सरकारी गाड़ी मध्यप्रदेश के बरौंधा थाना क्षेत्र में क्रेशर पर जा रहा कच्चे माल से लदे ट्रक का पीछा करने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति ट्रक के नीचे दबकर घायल हो गया। घटना के बाद क्रेशर परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने तहसीलदार की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि सरकारी वाहन बैरियर तोड़कर वहां से निकल गया। घटनाक्रम से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आ गया है। ये वीडियो शनिवार रात की बताई जा रही है। ट्रक के नीचे दबा दिखा व्यक्ति सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में घटना के अलग-अलग दृश्य दिखाई दे रहे हैं। करीब 22 सेकेंड के एक वीडियो में ट्रक पलटा हुआ नजर आ रहा है। उसके नीचे एक व्यक्ति दबा दिखाई देता है, जो बचाव के लिए आवाज लगा रहा है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी नजर आती है। हालांकि, घायल की पहचान और उसकी मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। करीब 43 सेकेंड के दूसरे वीडियो में तहसीलदार तहसील कर्मचारियों के साथ सरकारी वाहन से जाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, करीब 18 सेकेंड के तीसरे वीडियो में एक कर्मचारी टूटा हुआ बैरियर दिखाता नजर आता है। दावा किया जा रहा है कि क्रेशर परिसर में मौजूद कर्मचारियों के रोकने की कोशिश के दौरान सरकारी वाहन बैरियर तोड़कर निकल गया। MP में तहसीलदार के पहुंचने पर सवाल वीडियो सामने आने के बाद तहसीलदार के मध्यप्रदेश की सीमा में पहुंचने और वहां कार्रवाई के लिए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ट्रक पलटने और सरकारी वाहन के क्रेशर परिसर तक पहुंचने के दृश्य सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। इस मामले में SDM शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि वीडियो सोमवार देर शाम उनके संज्ञान में आए हैं। तहसीलदार के मध्यप्रदेश क्षेत्र में जाने के संबंध में पत्राचार कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उनका जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, तहसीलदार के मध्यप्रदेश क्षेत्र में जाने के कारणों, ट्रक पलटने की परिस्थितियों और घायल व्यक्ति की स्थिति को लेकर आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)