बलिया में सपा के विवादित पोस्टर लगे:सपा युवजन सभा अध्यक्ष ने फाड़े, BJP पर लगाया आरोप, जवाबी पोस्टर की धमकी दी
बलिया में शुक्रवार सुबह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर वाले विवादित होर्डिंग लगाए जाने से राजनीतिक माहौल गरमा गया। शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर यूनिपोल पर लगाए गए इन होर्डिंग में अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ सपा पर तंज कसने वाले नारे लिखे गए थे। सूचना मिलने पर समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी मौके पर पहुंचे और यूनिपोल पर चढ़कर तीनों होर्डिंग फाड़ दिए। पहला होर्डिंग समाजवादी पार्टी कार्यालय के पास ओवरब्रिज के समीप यूनिपोल पर लगाया गया था। इसमें अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ बड़े अक्षरों में 'सपाइयों का क्या भरोसा' लिखा था। इसके नीचे पीले बैकग्राउंड पर काले और लाल अक्षरों में 'खैनी और बनारसी पान, बजट चला गया कब्रिस्तान' लिखा था। दूसरा होर्डिंग जीराबस्ती में यूनिपोल पर लगाया गया था। इसमें भी अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ 'सपाइयों का क्या भरोसा' लिखा था। इसके नीचे 'रसगुल्ला और रसमलाई, एक जाति की सत्ता आई' लिखा गया था। तीसरा होर्डिंग हनुमानगंज पुलिस चौकी के पास यूनिपोल पर लगा था। इसमें अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ 'सपाइयों का क्या भरोसा' और नीचे 'एक कचौड़ी दो समोसा, गिरगिटेश का क्या भरोसा' लिखा था। भाजपा पर लगाया पोस्टर लगवाने का आरोप समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे एक कार्यकर्ता ने फोन कर इन होर्डिंग के लगाए जाने की सूचना दी थी। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर तीनों होर्डिंग फाड़ दिए। अरविंद गिरी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने बलिया में इस तरह के होर्डिंग लगवाकर राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि बलिया की राजनीति हमेशा से पवित्र रही है और यहां राजनीतिक संस्कार की परंपरा रही है। यह चंद्रशेखर, शरदानंद अंचल और जनेश्वर मिश्र जैसे नेताओं की धरती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के पोस्टर लगाकर राजनीतिक कटुता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा के जिलाध्यक्ष और अन्य नेताओं से बलिया की राजनीतिक मर्यादा और संस्कार बनाए रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतें नहीं होनी चाहिए। गिरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस तरह की पोस्टरबाजी जारी रही तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी जवाब में पोस्टर लगाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी संघर्ष करने से पीछे नहीं हटते।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)