मैनपुरी में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू:25 केंद्रों पर 14,746 मतदाता करेंगे वोट, सीसीटीवी से निगरानी

Oct 23, 2026 - 10:56
0
मैनपुरी में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू:25 केंद्रों पर 14,746 मतदाता करेंगे वोट, सीसीटीवी से निगरानी
मैनपुरी में आगरा खंड के शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। चुनाव में भाजपा और सपा समेत विभिन्न दलों के प्रत्याशियों की सियासी किस्मत मतपेटियों में बंद होगी। मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा का कड़ा पहरा लगाया है। जिले में बनाए गए 25 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मैनपुरी में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 16 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 9 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 14,746 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 12,425 स्नातक मतदाता और 2,321 शिक्षक मतदाता शामिल हैं। चुनाव में स्नातक खंड से 13 और शिक्षक खंड से 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में दोनों सीटों पर मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा ने मानवेन्द्र प्रताप और सपा ने शशांक यादव उर्फ सीटू यादव को प्रत्याशी बनाया है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की ओर से हरिकिशोर तिवारी और सपा की ओर से आकाश अग्रवाल चुनाव मैदान में हैं। आकाश अग्रवाल इसी सीट से निर्दलीय एमएलसी हैं। भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी भी इससे पहले पार्टी की ओर से प्रत्याशी रह चुके हैं। ऐसे में शिक्षक सीट पर मौजूदा निर्दलीय एमएलसी और भाजपा प्रत्याशी के मुकाबले पर भी नजरें टिकी हैं। मतदान व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे जिले को 6 जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है। जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ पुलिस बल को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। मतदाताओं की तलाशी के बाद ही उन्हें केंद्र के भीतर प्रवेश दिया जा रहा है। मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल ले जाने पर रोक है। इसके लिए बाहर मोबाइल जमा कराने की व्यवस्था की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User