बलरामपुर में पटाखा दुकानों और गोदामों की जांच जारी:पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें लाइसेंस, भंडारण और सुरक्षा इंतजाम देखेंगी

Nov 04, 2026 - 08:52
0
बलरामपुर में पटाखा दुकानों और गोदामों की जांच जारी:पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें लाइसेंस, भंडारण और सुरक्षा इंतजाम देखेंगी
बलरामपुर। दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बलरामपुर पुलिस ने जिलेभर में पटाखा दुकानों और गोदामों की निगरानी तेज कर दी है। बुधवार को भी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आतिशबाजी की दुकानों और गोदामों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें दुकानों पर पहुंचकर लाइसेंस, पटाखों के भंडारण, अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा के इंतजामों की पड़ताल करेंगी। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी जाएगी। एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में जिलेभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी संभावित अग्निकांड या अप्रिय घटना को रोकना और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में मंगलवार को क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार ने थाना कोतवाली उतरौला क्षेत्र में संचालित पटाखा गोदाम का औचक भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आतिशबाजी विक्रेता के लाइसेंस, अग्निशमन उपकरणों, पानी की व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। दुकानदार को पर्याप्त मात्रा में पानी से भरी बाल्टी, बालू और चालू हालत में अग्निशामक यंत्र रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दुकानों को शासन द्वारा निर्धारित खुले स्थानों पर ही संचालित करने तथा दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई। बिना वैध लाइसेंस पटाखों की बिक्री और निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। दुकानदारों को दुकान के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपनिरीक्षक अंकित कुमार मौजूद रहे। बुधवार को भी जिले के सभी संबंधित थाना क्षेत्रों में पटाखा दुकानों और गोदामों की जांच का सिलसिला जारी रहेगा।पुलिस का जोर केवल लाइसेंस की जांच तक सीमित नहीं रहेगा,बल्कि यह भी देखा जाएगा कि पटाखों का भंडारण निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं और आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं या नहीं।औचक निरीक्षण के जरिए अवैध कारोबार और लापरवाही पर अंकुश लगाने की तैयारी है। एसपी ने आमजन से अपील की है कि दीपावली खुशियों और सौहार्द के साथ मनाएं। आतिशबाजी करते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और बच्चों को अभिभावकों की निगरानी में ही पटाखे जलाने दें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User