एसएसपी ने अपराध समीक्षा बैठक में निर्देश दिए:मथुरा में लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण को कहा, उत्कृष्ट काम करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
मथुरा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मंगलवार देर रात रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने लंबित जांच, शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का समय पर और निष्पक्ष निस्तारण करने को कहा। उन्होंने अपराधियों पर कार्रवाई और जिले में शांति बनाए रखने पर जोर दिया। दीपावली को देखते हुए एसएसपी ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील इलाकों पर खास नजर रखने और पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से ड्यूटी करने को कहा, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। बैठक में कानून व्यवस्था बनाए रखने, प्रमुख धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से कराने और गंभीर अपराधों का खुलासा करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में गोवर्धन क्षेत्र में अहोई अष्टमी पर शांति और यातायात व्यवस्था संभालने वाली पुलिस टीम शामिल थी। 24 अक्टूबर को कोतवाली क्षेत्र की चूना कंकड़ वाली गली में वृद्ध महिला की हत्या और चोरी की घटना का खुलासा करने वाली कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी भरत को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया था। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, शोभायात्रा, रामलीला और दशहरा शांतिपूर्ण ढंग से कराने वाली गोविंदनगर पुलिस टीम को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया। थाना फरह में बेहतर सुविधाएं विकसित कराने वाले पुलिस अधिकारी को भी सम्मानित किया गया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के काम की सराहना की और आगे भी निष्ठा व जिम्मेदारी से काम करने को कहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)