राजगीर का शेर युवराज इटावा पहुंचा:बदले में शेर नीक और चार काले हिरन राजगीर भेजे गए

Nov 04, 2026 - 09:59
0
राजगीर का शेर युवराज इटावा पहुंचा:बदले में शेर नीक और चार काले हिरन राजगीर भेजे गए
इटावा सफारी पार्क और बिहार के राजगीर जू सफारी के बीच वन्यजीवों के आदान-प्रदान के तहत राजगीर से अर्धवयस्क शेर युवराज इटावा पहुंच गया है। एक नवंबर की रात उसे सुरक्षित इटावा सफारी पार्क लाया गया। यहां पहुंचने के बाद उसे 21 दिन के लिए क्वारंटीन किया गया है। वहीं, युवराज के बदले मंगलवार शाम इटावा सफारी से अर्धवयस्क शेर नीक और चार काले हिरन राजगीर भेजे गए हैं। मंगलवार को राजगीर जू सफारी की टीम इटावा पहुंची और शेर नीक व चार काले हिरनों को लेकर राजगीर के लिए रवाना हुई। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण, नई दिल्ली से अनुमति मिलने के बाद दोनों सफारी पार्कों के बीच यह वन्यजीव विनिमय किया गया है। इटावा सफारी पार्क में वर्तमान में कुल 22 शेर हैं। इनमें 16 शेर इटावा सफारी में ही पैदा हुए हैं, जिनमें चार नर और 12 मादा शामिल हैं। इसके अलावा छह शेर दूसरे प्रदेशों से लाए गए हैं। इनमें गुजरात से चार, हरियाणा से एक और बिहार से एक शेर शामिल है। सफारी पार्क में मौजूद 22 शेरों में चार शावक हैं, जिनमें एक नर और तीन मादा हैं। छह अर्धवयस्क शेर हैं, जिनमें एक नर और पांच मादा हैं। इसके अलावा नौ वयस्क शेरों में चार नर और पांच मादा हैं। वहीं, तीन वृद्ध शेर हैं, जिनमें एक नर और दो मादा शामिल हैं। सफारी निदेशक अनिल कुमार पटेल के अनुसार, राजगीर से युवराज के आने के बाद इटावा सफारी में शेरों की वंश वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। खासकर इटावा सफारी में जन्मी दूसरी पीढ़ी की शेरनियों के लिए नया शेर मिलने से प्रजनन की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे यहां दूसरी और तीसरी पीढ़ी के शेरों का नियमित प्रजनन संभव हो सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User