अम्बेडकरनगर में 18 जर्जर भवन चिह्नित, मालिकों को नोटिस जारी:25 वार्डों में हुआ सर्वे, 15 दिन में मरम्मत कराने की दी मोहलत
अम्बेडकरनगर के अकबरपुर में बारिश के बाद जर्जर भवनों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए नगर पालिका ने शहर के 25 वार्डों में सर्वे कर 18 जर्जर भवन चिह्नित किए हैं। भवन मालिकों को 31 अक्टूबर को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर मरम्मत कराने या भवन गिराने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर पालिका भवनों को सील कर गिराएगी। दीवारों में दरारें, छतों से टपक रहा पानी बारिश के बाद शहर के कई जर्जर भवनों की हालत और खराब हो गई है। कुछ भवनों की दीवारों में दरारें आ गई हैं, जबकि कुछ की छतों से पानी टपक रहा है। ऐसे भवनों में रहने वाले लोगों के साथ आसपास से गुजरने वालों की सुरक्षा को भी खतरा बना हुआ है। सर्वे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरानपुर, चिकित्सकीय आवास और मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की हाईडिल कॉलोनी के भवन भी शामिल हैं। इसके अलावा मीरानपुर, अकबरुल्लापुर और शहजादपुर वार्ड में भी जर्जर भवन चिह्नित किए गए हैं। इनमें कई भवन पहले ही जर्जर घोषित किए जा चुके थे, लेकिन उनकी मरम्मत कराने या गिराने की कार्रवाई नहीं हुई। समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो पालिका गिराएगी भवन नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने बताया कि बरसात के दौरान कई शहरों में जर्जर भवन गिरने से हादसे हुए हैं। इसी को देखते हुए एहतियात के तौर पर अभियान चलाया जा रहा है। भवन मालिकों को 15 दिन का समय दिया गया है। समय सीमा में मरम्मत या ध्वस्तीकरण नहीं कराया गया तो भवनों को सील कर गिराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में अन्य जर्जर भवनों की पहचान के लिए भी सर्वे जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)