बरेली में बाइक सवार सब्जी विक्रेता तालाब में गिरा, मौत:ग्रामीणों और पुलिस ने बाहर निकाला, फैजनगर जा रहा था
बरेली के थाना भुता क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में मोटरसाइकिल सवार 35 वर्षीय सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। सब्जी बेचने के लिए फैजनगर जा रहे युवक की मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। हादसे में युवक भी मोटरसाइकिल समेत तालाब में डूब गया। ग्रामीणों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सब्जी बेचने फैजनगर जा रहा था युवक जानकारी के अनुसार, ग्राम उदयपुर निवासी 35 वर्षीय गिरीश पाल पुत्र बादशाह शनिवार दोपहर करीब दो बजे अपनी मोटरसाइकिल से सब्जी बेचने के लिए फैजनगर जा रहे थे। इसी दौरान कल्याणपुर मोड़ के पास अचानक उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई। इससे पहले कि वह संभल पाते, मोटरसाइकिल सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। हादसे में गिरीश भी बाइक समेत तालाब में गिरकर डूबने लगे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस, तालाब से निकाला हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को बचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना थाना भुता पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद गिरीश को तालाब से बाहर निकाला। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम तालाब से बाहर निकाले जाने के बाद गिरीश को बचाने के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया गिरीश पाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी काजल 18 वर्ष, बेटा विपिन 12 वर्ष और सबसे छोटी बेटी नैना महज पांच वर्ष की है। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर से उदयपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने दी घटना की जानकारी थाना भुता के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि कल्याणपुर मोड़ के पास मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर तालाब में गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से युवक को तालाब से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)