बरेली में दादी के घर जाने निकली दो बहनें लापता:सोशल मीडिया और मोबाइल बंद, अनहोनी की आशंका पर मां ने एसएसपी से लगाई गुहार

Nov 08, 2026 - 14:58
0
बरेली में दादी के घर जाने निकली दो बहनें लापता:सोशल मीडिया और मोबाइल बंद, अनहोनी की आशंका पर मां ने एसएसपी से लगाई गुहार
बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर इलाके में किराये के मकान में रहने वाले टेंट कारोबारी विष्णु राजपूत की दो नाबालिग बेटियां 14 अक्टूबर की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। बड़ी बेटी खुशी राजपूत (17 वर्ष) वीडियो एडिटिंग का काम करती है, जबकि छोटी बेटी सिमरन (15 वर्ष) भी अक्सर उसके साथ रहती थी। 14 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे दोनों बहनें उसी इलाके में रहने वाली अपनी दादी के घर जाने की बात कहकर निकली थीं। करीब आधे घंटे बाद जब दादी से बात की गई तो पता चला कि दोनों वहां पहुंची ही नहीं हैं। परिजनों ने रातभर खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। सोशल मीडिया और नंबर ब्लॉक, अनहोनी की आशंका परिजनों ने अगले दिन 15 अक्टूबर को थाना बारादरी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। दोनों बेटियों के लापता होने के बाद से उनके मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहे हैं और फेसबुक सहित सोशल मीडिया अकाउंट भी ब्लॉक हैं। इसके चलते उनकी लोकेशन ट्रैक करने में परेशानी आ रही है। खुशी के साथ वीडियो एडिटिंग ग्रुप में काम करने वाले तीन लड़कियों और चार लड़कों की जानकारी भी पुलिस को दी गई है। फोन और सोशल मीडिया बंद मिलने से परिवार किसी गंभीर अनहोनी की आशंका से सहमा हुआ है। थाने के चक्कर काट रही मां, एसएसपी से लगाई तलाश की गुहार घटना को लंबा समय बीत जाने के बाद भी बच्चियों का कोई सुराग न लगने पर बदहवास मां रूचि राजपूत ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाई है। मां का कहना है कि बारादरी थाना पुलिस अपने स्तर से प्रयास कर रही है, लेकिन बेटियों की कोई लोकेशन नहीं मिल पा रही है। उन्होंने एसएसपी से विशेष टीम गठित कर और सभी तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर बेटियों को सकुशल बरामद कराने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User