SP ने जरूरतमंद परिवारों को बांटी त्योहार सामग्री:शहजादपुर में महिलाओं और बच्चों को मिठाई, पटाखे दिए
अम्बेडकरनगर में दीपावली का पर्व केवल रोशनी और खुशियों का ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने और उनके जीवन में मुस्कान लाने का भी संदेश देता है। इसी भावना के साथ रविवार को दोपहर एक बजे पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने अपनी माता के साथ शहजादपुर कस्बे में सड़क किनारे जीवनयापन करने वाले जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और बच्चों को मिठाई, पटाखे और अन्य त्योहार सामग्री वितरित की। थाना कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र के शहजादपुर में कुछ महिलाएं सड़क किनारे बैठकर बांस से हस्तनिर्मित घरेलू उपयोग की वस्तुएं तैयार करती हैं। इन्हीं वस्तुओं को बेचकर महिलाएं अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। सीमित संसाधनों के बीच परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाली इन महिलाओं और उनके बच्चों के लिए दीपावली की खुशियां उस समय दोगुनी हो गईं, जब एसपी प्राची सिंह अपनी माताजी के साथ उनके बीच पहुंचीं। एसपी और उनकी माता ने महिलाओं से बातचीत कर उनके कामकाज और परिवार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद सभी को दीपावली की मिठाई, पटाखे और त्योहार से जुड़ी अन्य सामग्री भेंट की। त्योहार पर मिले इस स्नेह और उपहार से महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी, वहीं पटाखे और मिठाई पाकर बच्चों में भी खासा उत्साह नजर आया। इस दौरान एसपी ने महिलाओं को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके परिवारों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने पर्व की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संदेश भी दिया। पुलिस अधीक्षक का यह प्रयास त्योहार के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के साथ संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता की एक पहल के रूप में सामने आया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)