बस्ती में शिक्षक MLC चुनाव के लिए बंटीं मतपेटिकाएं:23 अक्टूबर को 14 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग, शिक्षक डालेंगे वोट

Oct 22, 2026 - 13:38
0
बस्ती में शिक्षक MLC चुनाव के लिए बंटीं मतपेटिकाएं:23 अक्टूबर को 14 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग, शिक्षक डालेंगे वोट
बस्ती में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पोलिंग पार्टियों को मतपेटिकाएं सौंपी गई। दोपहर करीब 12 बजे से पोलिंग पार्टियां कलेक्ट्रेट सभागार में पहुंचना शुरू हो गईं। इसके बाद सभी को मतदान प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि शुक्रवार को निर्धारित समय पर मतदान कराया जा सके। शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए बस्ती जिले में 23 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके लिए जिले में 14 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। वोटिंग सुबह 8 से शाम के 4 बजे तक चलेगा। चुनाव में केवल पात्र शिक्षक मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। प्रशासन की ओर से मतदानकर्मियों को चुनाव संबंधी जरूरी व्यवस्थाओं और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए। पोलिंग पार्टियों को मतपेटिकाएं सौंपने के साथ मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतदान केंद्रों पर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तहसील स्तर पर भी तैयारियां कराई गई हैं। इन 14 केंद्रों पर होगा मतदान जिले में रामनगर, रुधौली, सल्टौआ गोपालपुर, साऊंघाट, गौर, परसरामपुर, विक्रमजोत, हर्रैया, बस्ती, नगर पालिका परिषद बस्ती, कप्तानगंज, बहादुरपुर, बनकटी और कुदरहा में मतदान कराया जाएगा। निर्धारित मतदेय स्थल संबंधित क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवनों में बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। शुक्रवार को शिक्षक मतदाता अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाल सकेंगे। प्रशासन का जोर मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User