बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर भाजपा प्रत्याशी ने दी चुनौती:डॉ. हरि सिंह ढिल्लो बोले- आरोप लगाने वाले दो स्कूलों के नाम बताएं, जहां बूथ कैप्चरिंग हुई
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक MLC चुनाव की मतगणना के बीच बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर सियासत गरमा गई है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने विपक्ष को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि अगर बूथ कैप्चरिंग हुई है, तो शाहजहांपुर या पूरे क्षेत्र के ऐसे दो स्कूलों के नाम बता दें, जहां ऐसा हुआ हो। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो बोले- शिक्षकों ने उत्साह से किया मतदान, देर रात तक आएंगे नतीजे
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान दैनिक भास्कर से बातचीत में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन की सराहना की और अपनी जीत का भरोसा जताया। डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने बातचीत की शुरुआत में चुनाव आयोग और निर्वाचन ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने बेहद ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ इस पूरे चुनाव को संपन्न कराने का कार्य किया है। शिक्षकों में दिखा भारी उत्साह, बढ़ा मतदान प्रतिशत
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि इस बार शिक्षक भारी उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि पहले के मुकाबले वोटिंग प्रतिशत में जबरदस्त इजाफा हुआ है। क्षेत्र में पिछली बार 63% मतदान हुआ था, जो इस बार बढ़कर 73% पहुंच गया। वहीं अमरोहा में यह आंकड़ा 83% से बढ़कर 93% दर्ज किया गया है। 14.61 लाख शिक्षकों को मिला कैशलेस इलाज का तोहफा
डॉ. ढिल्लो ने योगी सरकार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा और शिक्षक दोनों के हित में बड़े फैसले लिए हैं। उत्तर प्रदेश के 14 लाख 61 हजार शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था से आच्छादित किया गया है। उन्होंने बताया कि वित्तविहीन (सेल्फ फाइनेंस) शिक्षक आर्थिक रूप से कमजोर होते हैं और गंभीर बीमारी की स्थिति में यह सुविधा उनके लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। क्षेत्र को मिले दो नए राज्य विश्वविद्यालय
उच्च शिक्षा के विस्तार पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने हर कमिश्नरी स्तर पर सरकारी विश्वविद्यालय देने का वादा किया था। इसी कड़ी में बरेली-मुरादाबाद खंड क्षेत्र को दो बड़े विश्वविद्यालय मिले हैं, जिनमें मुरादाबाद में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय और शाहजहांपुर में सुखदेव आनंद विश्वविद्यालय शामिल हैं। नकल माफिया और ठेकेदारी प्रथा पर लगा अंकुश
शिक्षा व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले नकल के ठेके, मान्यता के नाम पर वसूली और परीक्षा केंद्र बनाने के ठेके चला करते थे, जिसे योगी सरकार ने पूरी तरह समाप्त कर दिया है। प्रदेश के करीब 8,035 परीक्षा केंद्रों पर पूरी तरह नकलविहीन परीक्षाएं कराकर सरकार ने एक नया इतिहास रचा है। बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर विपक्ष को दी खुली चुनौती
विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि आरोप लगाने वाले शाहजहांपुर या पूरे क्षेत्र के किसी भी दो ऐसे स्कूलों के नाम बता दें जहां बूथ कैप्चरिंग हुई हो। मतपत्रों की छंटनी जारी, देर रात तक आएंगे परिणाम
मतगणना की मौजूदा स्थिति पर डॉ. ढिल्लो ने बताया कि दोपहर तक मतपत्रों को छांटने और सीधा करने का कार्य चल रहा है। दोपहर 2:00 से 2:30 बजे के बाद मुख्य काउंटिंग की शुरुआत होगी। मतपत्रों की प्रक्रिया लंबी होने के कारण चुनाव का अंतिम परिणाम देर रात तक सामने आने की पूरी संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)