छात्र को कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश:मेरठ CCSU में घेराबंदी के बाद आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर भागे

Oct 28, 2026 - 23:57
0
छात्र को कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश:मेरठ CCSU में घेराबंदी के बाद आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर भागे
मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) परिसर में बुधवार शाम स्कॉर्पियो सवार युवकों ने एक छात्र को जबरन कार में बैठा लिया। छात्रों ने गाड़ी घेर ली और सुरक्षाकर्मियों ने गेट बंद कर दिए। आरोपी स्कॉर्पियो और छात्र को छोड़कर भाग गए। मेडिकल थाना पुलिस ने गाड़ी कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव बरला निवासी संयम शर्मा नीलकंठ कॉलेज का छात्र है। बुधवार को वह अपने दोस्त अनमोल उर्फ मिंटू निवासी गांव ऐंची के साथ किसी काम से CCSU आया था। शाम करीब पांच बजे दोनों विश्वविद्यालय की कैंटीन के पास खड़े थे। तभी स्कॉर्पियो सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और आरोप है कि संयम को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगे। संयम और उसके दोस्त ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद छात्र मौके पर पहुंचे और स्कॉर्पियो को घेर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों ने गेट बंद करा दिए। बताया गया कि आरोपी स्कॉर्पियो लेकर सर छोटूराम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के पास पहुंचे। वहां गेट बंद होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो और संयम को छोड़कर विश्वविद्यालय की चारदीवारी फांदकर भाग गए। मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने संयम को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली। विश्वविद्यालय परिसर की इस घटना को 16 सितंबर को मेरठ कॉलेज में हुई फायरिंग और मारपीट से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल थाना प्रभारी महावीर सिंह के अनुसार, मामला छात्रों के आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User