छुट्टी पर घर आए हवलदार की इलाज के दौरान मौत:सीने में दर्द के बाद कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था,गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी अंतिम सलामी
कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के निनाया गांव में छुट्टी पर घर आए सेना के हवलदार शिव शरण सिंह (40) की इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार सुबह उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। कानपुर से आई सेना की गारद ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ड्योढ़ी घाट ले जाया गया। शिव शरण सिंह के छोटे भाई शिव बरन सिंह उर्फ कान्हा ने बताया कि उनके बड़े भाई 7016 ईएमई बटालियन में हवलदार के पद पर तैनात थे। उनकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में थी। वह करीब साढ़े 17 साल से सेना में सेवा दे रहे थे। शिव शरण सिंह 18 अक्टूबर को छुट्टी लेकर घर आए थे। 29 अक्टूबर को सीने में तेज दर्द और बेचैनी होने पर परिजनों ने उन्हें कानपुर कैंट स्थित सेवन अप अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार शाम करीब पौने छह बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार सुबह अस्पताल से उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा। सेना की गारद ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ड्योढ़ी घाट ले गए। हवलदार शिव शरण सिंह के परिवार में पत्नी राधिका सिंह और 10 वर्षीय बेटा युवराज हैं। उनके पिता राजकरन सिंह और मां माधुरी देवी भी हैं। जवान की मौत से गांव में शोक का माहौल रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)