चित्रकूट में 500 ड्रोन से दिखेगी रामायण:रात में होगा आधे घंटे का शो, दीपावली अमावस्या मेले में 50 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
चित्रकूट में दीपावली अमावस्या मेले के दौरान पहली बार 500 ड्रोन से आसमान में रामायण की झलक दिखाई जाएगी। शो रविवार रात 8 बजे से 8:30 बजे तक होगा। प्रशासन को मेले में करीब 50 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। रविवार को रामघाट, कामतानाथ, सती अनुसुइया और गुप्त गोदावरी समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दीपदान होगा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई है। रामघाट, धनुष चौराहा और पूरे मेला क्षेत्र पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है। पुलिस भीड़भाड़ वाली जगहों, संवेदनशील इलाकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखेगी। संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी। डीआईजी ने रामघाट और खोया-पाया केंद्र का निरीक्षण किया दीपावली सोमवती अमावस्या मेले की सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस ने रामघाट, निर्मोही अखाड़ा और खोया-पाया केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, आवाजाही और पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानकारी ली। डीआईजी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़भाड़ वाली जगहों पर खास नजर रखने और श्रद्धालुओं से विनम्रता से पेश आने को कहा। खोया-पाया केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि परिजनों से बिछड़े बच्चों और श्रद्धालुओं को जल्द उनके परिवार से मिलाने की व्यवस्था की जाए। निरीक्षण के समय एएसपी पीयूषकांत राय, सीओ मऊ फहद अली, सीओ नगर सत्येंद्र सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। रविवार को मंदाकिनी के रामघाट समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दीपदान होगा। 500 ड्रोन से रामायण शो भी मेले का हिस्सा रहेगा। प्रशासन और पुलिस का कहना है कि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से दर्शन, परिक्रमा और दीपदान कर सकें, इसके लिए इंतजाम किए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)