चंदौली में पल्स पोलियो अभियान शुरू:3,07,618 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य, 976 बूथ और 616 घर-घर टीमें लगाई गईं
चंदौली जिले में पल्स पोलियो अभियान शुरू हो गया है। इसमें 3,07,618 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। रविवार को 976 बूथ, 38 ट्रांजिट टीमें और 18 मोबाइल टीमें लगाई गईं। जिला मुख्यालय के मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र में DM शैलेष कुमार ने शिशुओं को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान शुरू किया। बूथ दिवस के बाद सोमवार से शुक्रवार तक 616 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी। शैलेष कुमार ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा बच्चों को बूथ पर ही दवा पिलाने के निर्देश दिए गए हैं। नियामताबाद ब्लॉक के दुलहीपुर, रेमा और नई बस्ती जैसे इलाकों में, जहां कुछ परिवार दवा पिलाने से मना करते हैं, टीमें खास कोशिश करेंगी। इन परिवारों को समझाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों की मदद ली जाएगी। बूथों के कामकाज का जायजा लेने के लिए जिले के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, WHO, UNICEF और ब्लॉक स्तर के अधिकारी इलाकों का दौरा करेंगे। अभियान में लापरवाही मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान में बायोवैलेंट वैक्सीन का इस्तेमाल होगा। जिले और ब्लॉक स्तर पर पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। वे बूथों और घर-घर चल रहे टीकाकरण पर नजर रखेंगे और रोज शाम मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की फीडबैक बैठक में अपनी रिपोर्ट देंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)