SSP ने IGRS शिकायतों पर पुलिसकर्मियों को अल्टीमेटम:कहा- पोर्टल पर रिपोर्ट लगाना काफी नहीं, शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान करें
उन्नाव में एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। रविवार को पुलिस लाइन सभागार में हुई बैठक में उन्होंने पुलिसकर्मियों से शिकायतों की निष्पक्ष जांच और समय पर समाधान करने को कहा। एसएसपी ने कहा कि पोर्टल पर रिपोर्ट लगाना ही शिकायत का निस्तारण नहीं है। शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। इसके लिए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करने और शिकायतकर्ता से बात करने के निर्देश दिए। रविवार दोपहर 1 बजे हुई बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बीघापुर प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे। जनपद के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों की पेशियों में आईजीआरएस का काम देखने वाले पुलिसकर्मियों को बैठक में बुलाया गया था। एसएसपी ने कहा कि शिकायत मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर जाकर जांच करें और दोनों पक्षों की बात सुनें। शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसकी समस्या और की गई कार्रवाई की जानकारी भी लें। रिपोर्ट में जांच के तथ्य साफ होने चाहिए। केवल औपचारिक जवाब देकर शिकायत का निस्तारण दिखाना उचित नहीं है। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में देरी और लापरवाही न करने की हिदायत दी। हर शिकायत का तय समय सीमा में निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा। लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय की जा सकती है। एसएसपी ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। आईजीआरएस के जरिए लोग अपनी शिकायत शासन और प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है कि वे संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करें। बैठक के जरिए एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और संतुष्टि दोनों को प्राथमिकता देनी होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)