मध्य प्रदेश बॉर्डर से विंढमगंज तक 91-किमी सड़क होगी फोरलेन:अनपरा, रेणुकूट, हाथीनाला और दुद्धी से होकर गुजरेगा मार्ग, सर्वे पूरा करने के निर्देश
सोनभद्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के करीब 91 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश बॉर्डर से अनपरा, रेणुकूट, हाथीनाला और दुद्धी होते हुए विंढमगंज तक सड़क चौड़ी की जाएगी। इससे अनपरा और रेणुकूट के औद्योगिक और आवासीय इलाकों में जाम की समस्या कम होने के साथ यातायात सुगम होने की उम्मीद है। मालवाहक वाहनों और आम लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी, जबकि दुद्धी और विंढमगंज की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक, शुरुआती तैयारियों में तेजी के निर्देश शुक्रवार दोपहर 2 बजे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में परियोजना के संरेखण और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने को लेकर बैठक हुई। डीएम ने शुरुआती तैयारियों में तेजी लाने और संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम को एक महीने में संरेखण सर्वे पूरा करने को कहा। सर्वे के दौरान रिकॉर्ड और मौके से जुड़ी प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि डीपीआर तैयार करने में देरी न हो। भारत सरकार की ओर से प्रस्तावित है सड़क निर्माण योजना के तहत करीब 91 किलोमीटर सड़क को फोरलेन किया जाएगा। इसका निर्माण भारत सरकार की ओर से कराया जाना प्रस्तावित है। सड़क चौड़ी होने से औद्योगिक क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होगा और आवागमन में लगने वाला समय घटने की उम्मीद है। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार शामिल हुए। डीएफओ रेणुकूट कमल कुमार और राष्ट्रीय राजमार्ग के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)