देवरिया में गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत:देवरिया में संदिग्ध हालात में हुई मौत, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
देवरिया के रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के कर्मचारी आवास में रविवार तड़के गर्भवती महिला गुड़िया विश्वकर्मा (27) पत्नी चमनलाल मृत अवस्था में मिलीं। घटना रविवार की भोर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची रुद्रपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा विश्वकर्मा रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारी हैं। उन्हें सीएचसी परिसर में सरकारी आवास आवंटित है। गुड़िया विश्वकर्मा उनकी भाभी थीं और उनके साथ इसी आवास में रहती थीं। रविवार तड़के गुड़िया आवास में मृत अवस्था में मिलीं। इसके बाद पूर्णिमा विश्वकर्मा ने यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद महिला की मौत को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं, हालांकि अभी तक मौत का कारण सामने नहीं आया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)