जालौन में 300 रुपये के लेनदेन पर पथराव:छत से ईंट-पत्थर चलाने का आरोप, तीन घायल, पुलिस जांच में जुटी

Oct 25, 2026 - 10:37
0
जालौन में 300 रुपये के लेनदेन पर पथराव:छत से ईंट-पत्थर चलाने का आरोप, तीन घायल, पुलिस जांच में जुटी
जालौन के डकोर कोतवाली क्षेत्र के बंधौली गांव में शनिवार रात करीब 10 बजे महज 300 रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कर दो हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद शिकायत करने पहुंचे पीड़ित पक्ष के लोगों पर छत से ईंट-पत्थर और गुम्मे बरसाए गए, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल महिला भगवती ने बताया कि उनका बेटा 300 रुपये लेने के लिए दूसरे पक्ष के पास गया था। आरोप है कि इस दौरान उसके दो हजार रुपये छीन लिए गए। जब उन्होंने 300 रुपये के बदले 500 रुपये रखकर बाकी रकम लौटाने की बात कही, तो विवाद बढ़ गया और उनके साथ मारपीट की गई। महिला के मुताबिक, कुछ समय बाद उनके बेटे घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ दोबारा मारपीट की। भगवती ने बताया कि पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर परिवार के लोग अपने बेटों को बचाने और घटना की जानकारी लेने मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने गेट बंद कर छत से ईंट-पत्थर और गुम्मे बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुई पत्थरबाजी से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। महिला ने बताया कि उनके सिर में चोट आई, जबकि उनके पति और बेटों के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगीं। वहीं, घायल युवक शिवम वर्मा ने बताया कि वह उरई का निवासी है और बंधौली गांव में सुबोध प्रधान के यहां काम करता है। घटना के समय वह काम खत्म कर घर जाने की तैयारी कर रहा था। गांव में विवाद की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा, तभी छत से फेंका गया गुम्मा उसके सिर में लग गया। शिवम ने सुदर्शन पर गुम्मा फेंकने का आरोप लगाया। उसने बताया कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी उसे जानकारी नहीं है। घटना के बाद घायलों को जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही है। डकोर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User