बिना सिर खोले संभव है ब्रेन एन्यूरिज्म-स्ट्रोक का इलाज:विशेषज्ञ बोले-एंडोवैस्कुलर तकनीक से आसान हुआ ब्रेन हेमरेज का उपचार
प्रयागराज में आयोजित यूपी-यूके न्यूरोकॉन 2026 में देश-विदेश के न्यूरोसर्जनों ने ब्रेन एन्यूरिज्म, ब्रेन हेमरेज और स्ट्रोक के आधुनिक इलाज पर चर्चा की। विशेषज्ञों ने कहा कि एंडोवैस्कुलर तकनीक से अब कई मरीजों का इलाज बिना बड़ी सर्जरी जरिए किया जा सकता है। एन्यूरिज्म का खतरा इंग्लैंड के शेफील्ड में प्रैक्टिस कर रहे न्यूरोसर्जन डॉ. किशोर चौधरी ने बताया कि ब्रेन में खून की नस के फटने से हेमरेज होता है। जिससे मरीज की जान भी जा सकती है। उन्होंने धूम्रपान, तंबाकू और नियंत्रित न हो पाने वाले उच्च रक्तचाप को इसके प्रमुख जोखिम कारक बताया। डॉ. चौधरी के अनुसार यह समस्या आमतौर पर चालीस से साठ वर्ष की उम्र के लोगों में अधिक देखी जाती है। एन्यूरिज्म में ब्रेन की धमनी में कमजोरी के कारण गुब्बारे जैसी सूजन बनती है, जो फटने पर खून की बरसात और गंभीर न्यूरोलॉजिकल नुकसान का कारण बन सकती है। अब छोटी प्रक्रिया से इलाज परंपरागत रूप से एन्यूरिज्म का इलाज ओपन सर्जरी से किया जाता था, जिसमें सिर खोलकर धमनी पर क्लिप लगाई जाती थी। अब जांघ की नस से कैथेटर के जरिए कॉइल डालकर या आवश्यकता अनुसार स्टेंट लगाकर ब्लीडिंग रोकने की एंडोवैस्कुलर विधि तेजी से अपनाई जा रही है। बैंगलोर के मणिपाल हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जन डॉ. परितोष पांडे ने बताया कि इस तकनीक में ब्रेन को खोलने की जरूरत नहीं पड़ती और धमनियों के रास्ते से ही उपचार किया जाता है। उन्होंने कॉइलिंग, फ्लो डाइवर्टर, स्टेंटिंग, एम्बोलाइजेशन और मैकेनिकल थ्रॉम्बेक्टोमी को इस क्षेत्र की प्रमुख नई तकनीकें बताया। स्ट्रोक में समय महत्वपूर्ण डॉ. पांडे ने कहा कि लकवा यानी स्ट्रोक के कई मामलों में ब्रेन की धमनी में थक्का बन जाता है। ऐसे मरीजों में मैकेनिकल थ्रॉम्बेक्टोमी से थक्का निकाला जा सकता है, लेकिन इसके लिए मरीज का लगभग छह घंटे के भीतर उपयुक्त अस्पताल तक पहुंचना जरूरी है। विशेषज्ञों ने कहा कि लक्षण दिखें तो देर न करते हुए आपातकालीन चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। समय पर इलाज से मस्तिष्क को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।
डॉ. चौधरी ने प्रयागराज की स्वास्थ्य सुविधाओं, डॉक्टरों के कौशल और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की न्यूरोसर्जरी तेजी से प्रगति कर रही है और आने वाले वर्षों में यह यूरोप तथा अमेरिका के स्तर के उपचार के लिए प्रतिस्पर्धी बन सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)