दहेज में थार नहीं दी, दूल्हा नहीं लाया बारात:गोंडा में सदमे में दुल्हन बेहोश, अस्पताल में भर्ती

Oct 27, 2026 - 12:23
0
दहेज में थार नहीं दी, दूल्हा नहीं लाया बारात:गोंडा में सदमे में दुल्हन बेहोश, अस्पताल में भर्ती
गोंडा जिले के कटारिया मोहल्ले में दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी के दिन बारात लाने से इनकार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज में थार गाड़ी और नकदी नहीं मिलने पर वर पक्ष ने शादी करने से मना कर दिया। बारात न आने और रिश्ता टूटने की बात सुनकर दुल्हन की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मंगलवार सुबह 11 बजे पीड़ित परिवार ने नगर कोतवाली पहुंचकर वर पक्ष के खिलाफ लिखित शिकायत दी और सख्त कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, कटारिया मोहल्ला निवासी मिर्जा अजमल बेग ने अपनी बेटी नौशबा मिर्जा बेग का निकाह करीब एक साल पहले गोरखपुर निवासी मोहम्मद असलम के बेटे मोहम्मद सलमान के साथ तय किया था। सोमवार (26 अक्टूबर) की देर रात शहर के एक निजी मैरिज हॉल में निकाह का कार्यक्रम निर्धारित था। वधू पक्ष ने शादी की भव्य तैयारियां की थीं। दुल्हन हाथों में मेहंदी रचाकर तैयार बैठी थी और रिश्तेदार बारात के आने का इंतजार कर रहे थे। तय समय बीतने के बाद भी जब बारात नहीं पहुंची, तो वधू पक्ष ने फोन कर जानकारी लेने की कोशिश की। आरोप है कि वर पक्ष के लोग बार-बार बारात लेकर निकलने की बात कहकर उन्हें गुमराह करते रहे। रात 12 बजे के बाद वर पक्ष ने साफ कह दिया कि वे शादी नहीं करेंगे। बारात न आने और रिश्ता टूटने की बात सुनकर दुल्हन गश खाकर बेहोश हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार सुबह छह बजे तक बारात का इंतजार करने के बाद परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। थार गाड़ी और नकदी की मांग पर अड़े थे वर पक्ष के लोग पीड़ित परिवार का आरोप है कि वर पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज के रूप में महिंद्रा थार गाड़ी और नकदी की मांग कर रहा था। दुल्हन की मां ने रोते हुए बताया, “शुरुआत में उन्होंने कहा था कि बिना किसी दहेज के सादगी से सिर्फ निकाह करेंगे। हमने अपनी हैसियत के हिसाब से दोपहिया वाहन और गृहस्थी का सारा सामान देने की बात कही थी। लेकिन बाद में वे चारपहिया वाहन की मांग पर अड़ गए। उनका कहना था कि उनके बेटे को थार गाड़ी पसंद है। जब हमने इतनी महंगी गाड़ी देने में असमर्थता जताई, तो वे गाड़ी की आधी कीमत नकद मांगने लगे।” परिजनों का कहना है कि परिवार के बुजुर्गों ने वर पक्ष के लोगों से हाथ जोड़कर मिन्नतें भी कीं, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे और शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User